नामांकन के साथ शुरू हुई चुनावी जंग, परिमल नाथवानी, बैद्यनाथ राम और प्रणव झा ने किया शक्ति प्रदर्शन
Ranchi: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. राज्यसभा सीटों के लिए उम्मीदवार परिमल नाथवानी, बैद्यनाथ राम और प्रणव झा ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया. नामांकन के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता और समर्थक भी मौजूद रहे.
नामांकन दाखिल करने के बाद तीनों उम्मीदवारों ने अपनी जीत का दावा किया. उन्होंने कहा कि उन्हें अपने-अपने दलों और समर्थक विधायकों का पूरा सहयोग प्राप्त है तथा राज्यसभा चुनाव में उनकी स्थिति मजबूत है. उम्मीदवारों ने राज्य और जनता के मुद्दों को संसद के उच्च सदन में प्रभावी ढंग से उठाने का भरोसा भी जताया.
निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करने के बाद परिमल नाथवानी ने अपनी जीत के प्रति पूर्ण विश्वास जताया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ उनकी लगातार बातचीत होती रही है अपने ऊपर लगने वाले ‘बाहरी’ होने के आरोपों का खंडन करते हुए नाथवानी ने कहा, “मैं बाहरी नहीं हूं. मैंने पिछले 12 वर्षों तक राज्यसभा सांसद के रूप में झारखंड के लिए काम किया है. यहां के लोग मेरी कार्यशैली और कार्यों से भली-भांति परिचित हैं.” उल्लेखनीय है कि एनडीए के 20 विधायकों ने उनके प्रस्तावक के रूप में हस्ताक्षर किए हैं.
नामांकन प्रक्रिया के दौरान विधानसभा परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. समर्थकों की मौजूदगी के बीच उम्मीदवारों ने शक्ति प्रदर्शन भी किया. राजनीतिक गलियारों में अब चुनावी समीकरणों और संभावित परिणामों को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की चुनावी प्रक्रिया संपन्न होगी. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राज्यसभा चुनाव के नतीजे राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति की दिशा भी तय कर सकते हैं.







