रजिस्ट्री के लिए भटक रहे लोग, पाकुड़ निबंधन कार्यालय में सात दिनों से कामकाज पूरी तरह ठप
Pakur: जिले के निबंधन कार्यालय में पिछले सात दिनों से कामकाज पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है, जिससे जमीन और संपत्ति की रजिस्ट्री कराने आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंच रहे आवेदक जरूरी दस्तावेज लेकर कार्यालय तो आ रहे हैं, लेकिन काम नहीं होने के कारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है.
![]()
कार्यालय में कामकाज बंद रहने से न केवल आम नागरिक प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि संपत्ति खरीद-बिक्री से जुड़े कारोबार पर भी असर पड़ रहा है. लोगों का कहना है कि बार-बार कार्यालय आने के बावजूद उनकी रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है. निबंधन कार्य ठप रहने की वजह से लोग जमीन की खरीद फरोख्त, विवाह पंजीयन नहीं करा पा रहे हैं. जिससे प्रशासन के खिलाफ लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक, निबंधन पदाधिकारी अजय सिंह बड़ाईक का प्रोन्नती बीते एक सप्ताह पहले हो गया था और उनका स्थानांतरण हो जाने के कारण वे दूसरे जिले में योगदान देने चले गये और तभी से शासन प्रशासन ने निबंधन कार्यालय में किसी अधिकारी की पदस्थापन या प्रतिनियुक्ति नहीं किये जाने के कारण कामकाज पूरी तरह से ठप है.
निबंधन कार्यालय में किसी पदाधिकारी की पदस्थापन नहीं किये जाने की वजह से हर दिन सैकड़ों लोग कार्यालय से बैरंग लौटने को मजबूर है. कार्यालय द्वारा दी गयी जानकारी के मुताबिक, प्रतिदिन लगभग 10 पंजीयन होते थे और लाखों रूपये का राजस्व मिलता था लेकिन पदाधिकारी के नहीं होने के कारण राजस्व भी नहीं मिल रहा है.
बिना रजिस्ट्री के लौट रहे लोग
जिले के पाकुड़ शहरी समेत ग्रामीण इलाकों के अलावा महेशपुर, पाकुड़िया, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा, हिरणपुर प्रखंड से भी लोग खासकर जमीन की रजिस्ट्री कराने पहुंच रहे हैं लेकिन अधिकारी नहीं रहने के बाद सभी को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है. पदाधिकारी के प्रतिनियुक्ति या पदस्थापन नहीं होने से डीड राइटर सहित जेरोक्स दुकानदार की भी आमदनी प्रभावित हुई है.
निबंधन पदाधिकारी की प्रतिनियुक्त नहीं रहने की जानकारी है और एक सप्ताह के भीतर अधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी ताकि निबंधन का कामकाज चालू हो सके और किसी को कोई दिक्कत न हो. इस दिशा में पहल की जा रही है: मेघा भारद्वाज, डीसी







