पाकुड़ में सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में तीन आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
Pakur: जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को फेंक दिया गया था. मामले को लेकर छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवकों में एक नाबालिग भी शामिल है. उक्त घटना की पुष्टि एसपी निधि द्विवेदी ने की.
मिली जानकारी के मुताबिक हिरणपुर पुलिस को यह सूचना मिली थी कि गेहूं के खेत में एक युवती का शव पड़ा है. शव पाए जाने की सूचना पर इलाके में सनसनी फैल गई और शव को देखने ग्रामीणों की भीड़ उमड़ने लगी. शव पाए जाने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कर अपने कब्जे में लिया. इसके बाद शव के पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
मृतका के भाई के बयान पर थाने में कांड संख्या 12/26 और बीएनएस की धारा 103(1), 238, 70(2) और पॉक्सो एक्ट 4/6 के तहत रफाइल सोरेन को नामजद अभियुक्त बनाया. एसपी के निर्देश पर घटना की जांच और छापेमारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया. पुलिस ने छापेमारी कर नामजद अभियुक्त रफाइल सोरेन को गिरफ्तार किया और उससे पूछताछ में अन्य दो का नाम सामने आया. पुलिस ने एगलिन टुडू और एक अन्य नाबालिग को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. नाबालिग को बाल सुधार गृह दुमका भेजा गया.
छापेमारी दल में हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार के अलावा अनुसंधानक अरुण कुमार राम, पुलिस अवर निरीक्षक गौतम कुमार दास, जेना बालमुचू, सहायक अवर निरीक्षक विनोद कुमार टुडू और साधन कर्मकार दलबल के साथ शामिल थे.







