उम्मे हबीबा को पुलिस ने किया डिटेन, हजारीबाग महापंचायत से पहले रांची में हलचल...फिर छात्र आंदोलन करने की थी तैयारी
Ranchi: झारखंड में JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, नियुक्तियों में देरी और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर छात्र आंदोलन एक बार फिर जोर पकड़ने लगा है। JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच ने 22 नवंबर को हजारीबाग में छात्र महापंचायत आयोजित करने का ऐलान किया है। वहीं, बुधवार को रांची में आंदोलन दोबारा शुरू करने की कोशिश की गई। हालांकि, आंदोलन शुरू होने से पहले ही मंच की सदस्य उम्मे हबीबा को पुलिस ने डिटेन कर लिया।
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के सामने प्रदर्शन की नहीं मिली अनुमति
जानकारी के अनुसार, JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच की सदस्य उम्मे हबीबा बुधवार को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के सामने प्रेस कॉन्फ्रेंस करने और आंदोलन शुरू करने पहुंची थीं। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें रोक दिया।
पुलिस का कहना था कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के सामने धरना-प्रदर्शन और प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की अनुमति नहीं ली गई थी। इसी आधार पर पुलिस उम्मे हबीबा को अपने साथ थाने ले गई। इस कार्रवाई के बाद छात्र आंदोलन और प्रदर्शन के लिए प्रशासनिक अनुमति का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
25 जुलाई से 20 अगस्त तक चला था छात्र आंदोलन
गौरतलब है कि JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और नियुक्ति प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर छात्रों ने 25 जुलाई 2026 को अपना आंदोलन मोरहाबादी से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में शिफ्ट किया था। यहां करीब 25 दिनों तक छात्र धरने पर बैठे रहे। 20 अगस्त को आंदोलन समाप्त हुआ था।
इस आंदोलन में उम्मे हबीबा भी सक्रिय रूप से शामिल थीं। उन्होंने धरना स्थल पर भूख हड़ताल भी की थी। अब एक बार फिर आंदोलन शुरू करने की कोशिश के बीच पुलिस ने उन्हें डिटेन कर लिया है।
22 नवंबर को हजारीबाग में छात्र महापंचायत
इधर, JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच ने 22 नवंबर को हजारीबाग में छात्र महापंचायत आयोजित करने की घोषणा की है। मंच की तैयारी पांचों प्रमंडलों में महापंचायत के जरिए युवाओं को एकजुट करने की है।
सरकारी विभागों में खाली पदों पर नियुक्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और JSSC-CGL विवाद समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति तैयार की जा रही है।
रांची में बुधवार को हुई पुलिस कार्रवाई के बाद अब सबकी नजर 22 नवंबर को होने वाली महापंचायत और छात्र आंदोलन की अगली रणनीति पर टिकी है।







