झारखंड से बंगाल तक सियासी असर: Hemant Soren के टीएमसी प्रचार ने दुमका में छेड़ी नई बहस
Dumka: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के द्वारा पश्चिम बंगाल जाकर तृणमूल के पक्ष में चुनाव प्रचार करने का मामला झारखंड में तूल पकड़ रहा है.
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव का इस संबंध में कहना है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ हमारा गठबंधन झारखंड राज्य के लिए है न कि अन्य राज्यों के लिए. सभी राजनीतिक दल की अपने महत्वाकांक्षा है, अपनी रणनीति है. खास तौर पर जो क्षेत्रीय दल होते हैं वे अपना फैलाव दूसरे राज्यों में करना चाहते हैं. इसी कड़ी में जेएमएम ने असम में अपने उम्मीदवार दिए थे, वैसे इंडिया गठबंधन के बैनर तले झामुमो के साथ हमारा रिश्ता काफी मजबूत है.
इधर रघुवर सरकार में कृषि मंत्री रहे भाजपा नेता रणधीर सिंह का कहना है कि जिस तरह सीएम हेमंत सोरेन ने कांग्रेस को दरकिनार करते हुए पश्चिम बंगाल में जाकर तृणमूल के पक्ष में चुनाव प्रचार किया.
उससे यह पता चलता है कि सत्ता में बने रहने के लिए कांग्रेस ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के सामने समर्पण कर दिया है. असम में भी झामुमो ने कांग्रेस के सामने प्रत्याशी दिए. झामुमो कुछ भी कर ले, कांग्रेस उसे बर्दाश्त करेगी.
बता दें कि प्रदीप यादव और रणधीर सिंह दोनों आज मंगलवार को दुमका में एक केस में पेशी के लिए कोर्ट आए हुए थे. जहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान ये बातें कहीं.
महिला आरक्षण बिल पर भी दी प्रतिक्रिया
नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 में संशोधन वाले विधेयक को लेकर कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने साफ तौर पर कहा कि केंद्र की सरकार अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए महिला आरक्षण बिल को संसद में लाया.
उनकी मंशा लोकसभा और विधानसभा में परिसीमन करा कर अपना फायदा लेने की थी. जब इस बिल का हमलोगों के द्वारा विरोध किया गया तब भाजपा के नेता घड़ियाली आंसू रो रहे हैं. उन्होंने कहा कि पहले जातिगत जनगणना पूरी हो और उसके बाद परिसीमन करते हुए महिला आरक्षण बिल लाया जाए, हम सब उसका समर्थन करेंगे.
इस मामले पर भाजपा नेता रणधीर सिंह ने कहा कि जिस तरह महिला आरक्षण बिल का कांग्रेस ने विरोध किया आने वाले दिनों में देश की महिलाएं उनको सबक सिखाएंगी.







