Newshaat_Logo

बोकारो के फुसरो इलाके में प्रदूषण बना जानलेवा, व्यापारियों ने सीओ कार्यालय घेरकर की सख्त कार्रवाई की मांग

Bokaro: प्रदर्शन के तुरंत बाद प्रशासन हरकत में आया और सीसीएल ढोरी क्षेत्र के अमलो रेलवे साइडिंग पर सीसीएल सुरक्षा गार्ड, CISF बल और स्थानीय थाना की संयुक्त टीम ने अवैध कोयला भंडारण के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान बड़े पैमाने पर अवैध कोयला जब्त किया गया है.
 
Protest-by-businessmen-against-toxic-fumes-in-phusro-area-of-bokaro

Bokaro: जिले के बेरमो स्थित फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण और जहरीले धुएं के खिलाफ युवा व्यवसायी संघ फुसरो ने जोरदार आंदोलन शुरू कर दिया है. आक्रोशित व्यापारियों ने मंगलवार को बेरमो सीओ कार्यालय का घेराव कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और इलाके को प्रदूषण मुक्त करने की मांग की. कार्यालय घेराव के बाद संघ के प्रतिनिधियों ने अंचलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा है. जिसमें अवैध रूप से कोयला जलाने पर तत्काल रोक लगाने की मांग की.

प्रदर्शन के बाद हरकत में आया प्रशासन

प्रदर्शन के तुरंत बाद प्रशासन हरकत में आया और सीसीएल ढोरी क्षेत्र के अमलो रेलवे साइडिंग पर सीसीएल सुरक्षा गार्ड, CISF बल और स्थानीय थाना की संयुक्त टीम ने अवैध कोयला भंडारण के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान बड़े पैमाने पर अवैध कोयला जब्त किया गया है.

इस संबंध में युवा व्यवसायी संघ के सचिव वैभव चौरसिया ने कहा कि यह प्रदूषण सबसे ज्यादा अवैध कोयला जलाने के कारण फैल रहा है. जिसके कारण शाम में फुसरो बाजार सहित पूरा क्षेत्र में कुहासे के जैसा नजारा दिखता है. लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगती है और आंखों और सीने में जलन होने लगता है.

इधर, पूरे घटनाक्रम पर अंचलाधिकारी संजीत कुमार ने कहा कि वे पिछले लगभग ढाई वर्षों से बेरमो में कार्यरत हैं, लेकिन अब तक उनकी कार्यशैली पर कभी सवाल नहीं उठाया गया. उन्होंने कहा कि कुछ लोग मेरी कार्यशैली पर प्रश्न खड़े कर रहे हैं और मेरे मनोबल को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं.

एक ओर व्यावसायिक संघ आर-पार की लड़ाई के मूड में है तो दूसरी ओर प्रशासन भी कार्रवाई के जरिए स्थिति संभालने की कोशिश में जुटा है. अब देखना यह होगा कि यह कार्रवाई स्थायी समाधान बनती है या फिर यह मुद्दा और बड़ा रूप लेता है. क्योंकि प्रदूषण बेरमो कोयलांचल और आसपास के क्षेत्र में एक विकट समस्या बनी हुई है.

आपको बता दें कि इसी एक किलोमीटर की रेडियस में बेरमो विधायक कुमार जय मंगल उर्फ अनूप सिंह और पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडे, महाप्रबंधक सहित गणमान्य लोगों का आवास है. इसके बावजूद जहरीले प्रदूषण पर इन लोगों की ओर से कोई पहल नहीं होना आम लोगों के लिए एक सवाल बना हुआ है. वहीं फिलहाल फुसरो में प्रदूषण को लेकर माहौल गरम है.