Newshaat_Logo

15 अगस्त की तैयारियां पूरी, मोरहाबादी मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल..14 प्लाटूनों ने किया परेड का अभ्यास...

Ranchi: स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया. रिहर्सल के दौरान 14 प्लाटूनों ने परेड में हिस्सा लिया और स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए निर्धारित कार्यक्रमों का अभ्यास किया. मोरहाबादी मैदान में आयोजित इस रिहर्सल के दौरान जवानों ने पूरे अनुशासन और उत्साह के साथ परेड का प्रदर्शन किया. प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा और अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. 15 अगस्त को मोरहाबादी मैदान में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा.
 
 
JHARKHAND

Ranchi: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मोरहाबादी मैदान में ध्वजारोहण करेंगे। इससे पहले गुरुवार को समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित किया गया। इसमें 14 प्लाटूनों के साथ पुलिस बैंड पार्टी ने हिस्सा लिया। जवानों ने कदमताल और परेड के जरिए समारोह के लिए अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया।

full-dress-rehearsal-for-independence-day-at-morabadi-ranchi

रिहर्सल के दौरान स्वतंत्रता दिवस के दिन होने वाली सभी प्रमुख औपचारिक गतिविधियों का पूर्वाभ्यास किया गया। रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन की देखरेख में परेड, सलामी, राष्ट्रगान समेत अन्य कार्यक्रमों का अभ्यास कराया गया। दोनों अधिकारियों ने परेड की सलामी ली और विभिन्न टुकड़ियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

Full dress rehearsal for Independence Day at Morabadi, Ranchi

अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग

समारोह को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग भी हुई। डीसी मंजूनाथ भजंत्री, एसएसपी राकेश रंजन, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह और अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय ने अधिकारियों और जवानों को सुरक्षा एवं ड्यूटी को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

Full dress rehearsal for Independence Day at Morabadi, Ranchi

डीसी ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने प्रतिनियुक्ति स्थल, जिम्मेदारी और ड्यूटी प्वाइंट की पूरी जानकारी रखें। मुख्य अतिथियों के आगमन से लेकर समारोह स्थल से उनके प्रस्थान तक सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

एसएसपी राकेश रंजन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। समारोह में आने वाले लोगों की सघन जांच करने और किसी भी व्यक्ति को आपत्तिजनक सामग्री के साथ प्रवेश नहीं देने का निर्देश दिया गया।

मोरहाबादी मैदान में ड्रोन उड़ाने पर रोक

सुरक्षा व्यवस्था के तहत इस बार मोरहाबादी मैदान में ड्रोन से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी पर पूरी तरह रोक रहेगी। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि समारोह स्थल पर केवल विभाग द्वारा अधिकृत ड्रोन से ही वीडियोग्राफी या फोटोग्राफी की जा सकेगी।

आम लोगों को समारोह स्थल पर ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी।

Full dress rehearsal for Independence Day at Morabadi, Ranchi

14 प्लाटून और तीन बैंड पार्टियां लेंगी हिस्सा

मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाली परेड में अर्द्धसैनिक बलों, पुलिस, झारखंड जगुआर, होमगार्ड और एनसीसी की कुल 14 टुकड़ियां हिस्सा लेंगी।

इनमें CRPF, ITBP, SSB, CISF, ओडिशा पुलिस, झारखंड जगुआर, JAP-1, JAP-2, JAP-10, रांची जिला पुलिस की पुरुष एवं महिला टुकड़ी, झारखंड गृहरक्षा वाहिनी और NCC गर्ल्स एवं बॉयज की टुकड़ियां शामिल हैं।

इसके अलावा JAP-1, JAP-10 और झारखंड गृहरक्षा वाहिनी की ओर से तीन बैंड पार्टियां समारोह में प्रस्तुति देंगी।

IPS राघवेंद्र शर्मा होंगे फर्स्ट इन कमांड

स्वतंत्रता दिवस समारोह की परेड में 2022 बैच के IPS अधिकारी राघवेंद्र शर्मा फर्स्ट इन कमांड की भूमिका निभाएंगे। वर्तमान में वे रामगढ़ जिले में पदस्थापित हैं।

वहीं, परिचारी प्रवर द्वितीय अनिश मोमित कुजूर सेकेंड इन कमांड की जिम्मेदारी संभालेंगे।

बोकारो में भी हुआ फुल ड्रेस रिहर्सल

स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर बोकारो में भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सेक्टर-12 स्थित पुलिस लाइन मैदान में गुरुवार को जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया।

रिहर्सल के दौरान डीसी अजय नाथ झा और एसपी नाथू सिंह मीना ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। डीसी ने ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस समारोह की पूरी प्रक्रिया का पूर्वाभ्यास भी किया।

ध्वजारोहण से पहले और बाद में गाया जाएगा राष्ट्रीय गीत

बोकारो डीसी अजय नाथ झा ने बताया कि इस बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पूरे जिले में ध्वजारोहण से पहले राष्ट्रीय गीत का गायन किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रगान होगा और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी राष्ट्रीय गीत का गायन किया जाएगा।

इस संबंध में जिले के सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

सुरक्षा को लेकर होटल और प्रमुख चौक-चौराहों पर चेकिंग

बोकारो एसपी नाथू सिंह मीना ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस परेड की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान सामने आई छोटी-मोटी कमियों को लेकर जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

सुरक्षा के मद्देनजर जिले के लॉज, होटल और प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।