जमशेदपुर में रामनवमी की तैयारी, पुलिस ने अवैध साइलेंसरों पर की बुलडोजर कार्रवाई
Jamshedpur: पुलिस ने पहली बार एक कड़ा फैसला लेते हुए डेढ़ सौ से ज्यादा मॉडिफाइड साइलेंसर पर बुलडोजर चलाकर उसे नष्ट किया है. जमशेदपुर के सिटी एसपी ने बताया कि शहर में अब मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर गाड़ी चलाने वालों को चिन्हित किया जा रहा है. जबकि रामनवमी में इस बार लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए 1900 जवानों की तैनाती रहेगी.
जमशेदपुर पुलिस ने रामनवमी शांति और सौहार्द्रपूर्ण तरीके से मनाने को लेकर व्यापक तैयारी कर ली है. रामनवमी में शहर के चप्पे-चप्पे पर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक संख्या में जवानों की तैनाती रहेगी. वहीं जमशेदपुर पुलिस ने ट्रैफिक नियम का उल्लंघन करने वाले और बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर उत्पात मचाने वालों पर पहली बार कड़ी कार्रवाई की है. शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्र में चलाए गए अभियान के तहत जब्त किए गए साइलेंसर पर बुलडोजर चलाकर सख्त संदेश दिया गया है.
जमशेदपुर पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक कुल 150 से अधिक बाइकों के मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए हैं. इन साइलेंसर को सार्वजनिक रूप से बुलडोजर से नष्ट किया गया, ताकि लोगों में कानून का डर बना रहे. बता दें कि शहर में लंबे समय से तेज आवाज वाले साइलेंसर लगाकर बाइक चलाने की शिकायत मिल रही थी. जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही थी. सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया है कि शहर में अब किसी भी हाल में मॉडिफाइड साइलेंसर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. साथ ही कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
वहीं रामनवमी पर्व को लेकर जिला पुलिस ने व्यापक तैयारी की है. जिसके तहत जमशेदपुर सिटी एसपी ने सभी जवानों को खास निर्देश दिया है. पर्व को लेकर हर स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने साकची सीसीआर परिसर में जिले भर के जवानों और टाइगर मोबाइल बाइक पेट्रोलिंग टीम को विशेष ब्रीफिंग दी. इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी संवेदनशील और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर गश्त बढ़ाई जाए. सिटी एसपी ने कहा कि रामनवमी के दौरान शहर के चप्पे-चप्पे पर जवानों की तैनाती रहेगी.
शहर में सभी जुलूस अपने निर्धारित रूट से ही गुजरे, यह हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा. साथ ही जुलूस के समापन के बाद सभी श्रद्धालु सुरक्षित अपने घर तक पहुंचें, इस पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी. उन्होंने साफ तौर पर चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार का हुड़दंग या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी. ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस दौरान सोशल मीडिया पर भी नजर रहेगी.







