Movie prime

देवघर में नगर निकाय चुनाव की तैयारियां तेज, मैदान में कई चर्चित और अनुभवी चेहरे आजमा रहे अपनी किस्मत...

Deoghar: इस बार देवघर नगर निगम चुनाव बेहद रोचक होने वाला है, क्योंकि चुनावी मैदान में कई चर्चित और अनुभवी चेहरे अपनी किस्मत आजमा रहे हैं...
 
Deoghar Mayor Election
Deoghar: झारखंड में नगर निकाय चुनाव का बिगुल बजते ही सियासी गलियारे में चहल-पहल बढ़ गई है. देवघर जिले में भी चुनावी तैयारियां अब रफ्तार पकड़ चुकी हैं. निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव तिथि की घोषणा के बाद चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है.
मेयर पद के संभावित उम्मीदवार बाबा बलियासे का कहना है कि वे वर्षों से लगातार जनता के बीच रहकर सेवा करते आ रहे हैं. चाहे कोरोना काल रहा हो या सामान्य दिन, उन्होंने हमेशा जरूरतमंदों की मदद को प्राथमिकता दी है.
समाज सेवा को वे अपने परिवार की परंपरा बताते हैं. बाबा बलियास का दावा है कि जनता उनके कार्यों से भली-भांति परिचित है और यही विश्वास चुनाव परिणामों में दिखाई देगा.
वहीं मेयर पद के दूसरे संभावित प्रत्याशी सूरज झा का कहना है कि वे चुनाव से पहले भी समाजसेवी के रूप में लगातार जनता के बीच सक्रिय रहे हैं. सूरज झा ने कहा कि यदि जनता उन्हें मेयर बनने का अवसर देती है तो शहर में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, पेयजल संकट का समाधान और स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत किया जाएगा.
उन्होंने मेयर बनने के बाद हर वार्ड में पुस्तकालय, बच्चों के लिए खेल मैदान, बुजुर्गों के घूमने के लिए पार्क और सड़कों पर सोलर लाइट लगाने की भी बात कही.
इधर, वार्ड पार्षद पद की संभावित प्रत्याशी शैलजा देवी ने बताया कि वे पहले भी जनता की सेवा कर चुकी हैं और वार्ड पार्षद के रूप में उन्हें लोगों का भरपूर सहयोग मिला है. उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी जनता का समर्थन उन्हें मिलेगा और एक बार फिर जनता उन्हें वार्ड की सेवा का अवसर देगी.
संभावित प्रत्याशियों का कहना है कि चुनाव की समय सीमा भले ही कम हो, लेकिन निर्वाचन आयोग द्वारा दिया गया समय जनसंपर्क के लिए पर्याप्त है. चुनाव लड़ने के इच्छुक लोग अपने-अपने वार्ड और क्षेत्रों में पहुंच चुके हैं.
गौरतलब है कि इस बार देवघर नगर निगम चुनाव बेहद रोचक होने वाला है, क्योंकि चुनावी मैदान में कई चर्चित और अनुभवी चेहरे अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. ऐसे में मुकाबला कड़ा माना जा रहा है.
अब देखना दिलचस्प होगा कि जनता किस पर भरोसा जताती है और मतगणना के बाद देवघर नगर निगम की सत्ता की बागडोर किसके हाथों में जाती है. चुनावी रण में कौन रणबांकुरा साबित होगा, इसका फैसला जनता के वोट से होगा.