रिजल्ट से पहले ही 11वीं में दाखिले की तैयारी, रांची के स्कूलों पर अभिभावकों ने उठाये सवाल
Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में 10वीं बोर्ड परीक्षा से पहले ही निजी स्कूलों में 11वीं कक्षा में दाखिले की प्रक्रिया शुरू होने लगी है। स्कूलों की इस पहल ने अब अभिभावकों के बीच चिंता बढ़ा दी है। खासकर अग्रिम नामांकन और रजिस्ट्रेशन के नाम पर विद्यार्थियों से करीब 2,000 रुपये लिये जाने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने स्कूलों की इस प्रक्रिया पर कड़ी आपत्ति जताते हुए शिक्षा विभाग से मामले की जांच कराने की मांग की है।
बोर्ड रिजल्ट से पहले ही एडमिशन की तैयारी
रांची के कई निजी स्कूलों ने 10वीं के विद्यार्थियों को 11वीं में प्रवेश के लिए जानकारी देना शुरू कर दिया है। स्कूलों की ओर से साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स संकाय में उपलब्ध सीटों, प्रवेश की शर्तों और संभावित कटऑफ की जानकारी साझा की जा रही है। इससे बोर्ड परीक्षा और रिजल्ट से पहले ही विद्यार्थियों व अभिभावकों के सामने दाखिले की तैयारी का दबाव बढ़ गया है।
2 हजार रुपये लेकर रजिस्ट्रेशन, एसोसिएशन ने उठाये सवाल
झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन का आरोप है कि कुछ स्कूल 11वीं में अग्रिम नामांकन के लिए विद्यार्थियों से लगभग 2,000 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क ले रहे हैं। एसोसिएशन ने सवाल उठाया है कि जब 10वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम ही जारी नहीं हुआ है, तो दाखिले के नाम पर पहले से शुल्क वसूलने का औचित्य क्या है?
एसोसिएशन का मानना है कि इस तरह की प्रक्रिया से अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ सकता है। इसलिए पूरे मामले की जांच जरूरी है।
शिक्षा विभाग से जवाब मांग रहे अभिभावक
अभिभावकों की मांग है कि जिला शिक्षा पदाधिकारी और शिक्षा विभाग इस मामले में हस्तक्षेप करें। स्कूलों की ओर से लिये जा रहे रजिस्ट्रेशन शुल्क और अग्रिम नामांकन की प्रक्रिया की जांच होनी चाहिए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए कि बोर्ड परीक्षा के परिणाम से पहले इस तरह शुल्क लेना नियमों के अनुरूप है या नहीं।
संकाय का चयन करने से पहले ही बढ़ी परेशानी
दरअसल, 10वीं के बाद विद्यार्थी अपने परीक्षा परिणाम और रुचि के अनुसार साइंस, कॉमर्स या आर्ट्स का चयन करते हैं। ऐसे में रिजल्ट आने से पहले ही एडमिशन की प्रक्रिया शुरू होने से विद्यार्थियों पर जल्द निर्णय लेने का दबाव बन सकता है।
फिलहाल झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने शिक्षा विभाग से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है। अब देखना होगा कि विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है।







