BIT मेसरा के प्लेटिनम जुबली समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रहेंगी मुख्य अतिथि, हेमंत सोरेन भी होंगे शामिल

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 15 फरवरी को झारखंड की राजधानी रांची का दौरा करेंगी। वे BIT मेसरा में आयोजित प्लेटिनम जुबली समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। यह भव्य कार्यक्रम संस्थान की 70वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है, जो 15 फरवरी से शुरू होकर 15 जुलाई तक चलेगा।
बताते चलें कि राष्ट्रपति मुर्मू सुबह 10:00 बजे BIT मेसरा पहुंचेंगी। इस समारोह में बिरला ग्रुप के चेयरमैन, झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शिरकत करेंगे। कार्यक्रम के दौरान BIT मेसरा के शिक्षा, नवाचार और समाज में योगदान पर चर्चा होगी।

BIT मेसरा, जिसकी स्थापना 1955 में हुई थी, इस वर्ष अपनी 70 वर्षों की यात्रा का जश्न मना रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर देश-विदेश के कई प्रतिष्ठित शिक्षाविद, उद्योगपति और संस्थान से जुड़े प्रमुख व्यक्ति उपस्थित रहेंगे, जिससे समारोह की भव्यता और बढ़ेगी।