रविवार को JPSC की अहम परीक्षा, शांतिपूर्ण आयोजन के लिए परीक्षा केंद्रों के आसपास लागू रहेगी निषेधाज्ञा और धारा 144
Ranchi: झारखंड पात्रता परीक्षा लगभग 18 साल बाद रविवार को आयोजित होने जा रही है. झारखंड लोक सेवा आयोग ने इस परीक्षा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. इस परीक्षा में करीब 1.75 लाख विद्यार्थी राज्य के छह जिलों रांची, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, हजारीबाग तथा देवघर में कुल 434 केंद्रों पर परीक्षा देंगे.
परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक की व्यवस्था
विद्यार्थियों को परीक्षा केन्द्र पर सुबह 8 बजे पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि परीक्षा सुबह 10 बजे से 1 बजे तक होगी. परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक तथा आईआरआईएस वेरिफिकेशन के बाद ही विद्यार्थियों को परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश मिलेगा. गौरतलब है कि इस परीक्षा के माध्यम से राजकीय विश्वविद्यालयों एवं उसके अंगीभूत कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक के पदों पर अभ्यर्थियों की नियुक्ति की पात्रता तय होगी तथा पीएचडी में नामांकन होगा.
रांची में परीक्षा को लेकर निषेधाज्ञा जारी
जेपीएससी द्वारा आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी करते हुए कदाचार मुक्त परीक्षा संचालन के लिए निषेधाज्ञा लागू की है. उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री एवं अपर जिला दण्डाधिकारी, विधि-व्यवस्था के आदेश पर पुलिस बल एवं पुलिस पदाधिकारी के साथ दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है.
जिला प्रशासन को ऐसी आशंका है कि परीक्षा केन्द्रों पर असामाजिक तत्वों के द्वारा भीड़ लगाकर विधि-व्यवस्था भंग करने की चेष्टा की जा सकती है. इसे ध्यान में रखते हुए सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की है, जिसके तहत सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा सरकारी कार्यक्रम एवं शवयात्रा को छोड़कर पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों का एक जगह जमा होना पर पाबंदी लगा दी गई है.
इसके अलावा किसी प्रकार का ध्वनि विस्तारक यंत्र का व्यवहार करना और किसी प्रकार का अस्त्र-शस्त्र, जैसे-बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर, बम, बारूद आदि लेकर चलना निषेध रहेगी. यह निषेधाज्ञा 26.4.2026 की सुबह 7.00 बजे से अपराह्न 4.00 बजे तक प्रभावी रहेगी. गौरतलब है कि रांची में मारवाड़ी कॉलेज समेत कुल 117 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं.







