Newshaat_Logo

आदित्यपुर में बिजली कनेक्शन को लेकर बवाल, ग्रामीणों ने किया कार्यालय में तालाबंदी, कर्मी बने बंधक

 
आदित्यपुर में बिजली कनेक्शन को लेकर बवाल, ग्रामीणों ने किया कार्यालय में तालाबंदी, कर्मी बने बंधक

Jamshedpur: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड-9 स्थित सीतारामपुर डैम इलाके के ग्रामीणों ने सोमवार को बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। नाराज ग्रामीण दोपहर करीब 12 बजे विभागीय कार्यालय के मुख्य गेट पर पहुंचे और गेट में ताला जड़ दिया। इसके बाद वे धरने पर बैठ गए। इस दौरान कार्यालय के अंदर मौजूद कर्मचारी घंटों तक बंधक बने रहे।

धरना स्थल पर बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। चार घंटे तक चले हंगामे की वजह से विभाग का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया और उपभोक्ताओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

“आधार कार्ड देने के बावजूद कनेक्शन नहीं मिला”

ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग ने छह महीने पहले उन पर बिजली चोरी का केस दर्ज कर दिया था। उस समय कर्मचारियों ने भरोसा दिलाया था कि आधार कार्ड देने पर उन्हें मीटर समेत नियमित बिजली कनेक्शन दिया जाएगा। ग्रामीणों ने आधार कार्ड भी सौंप दिया, लेकिन अब तक कनेक्शन नहीं मिला।

इसके उलट हाल ही में उन पर दोबारा बिजली चोरी का केस कर दिया गया। ग्रामीणों ने इसे विभागीय साजिश बताते हुए कहा कि आदिवासी बहुल क्षेत्र के लोगों को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है।

“कनेक्शन नहीं मिला तो आंदोलन और तेज होगा”

ग्रामीणों का कहना है कि जब विभाग खुद कनेक्शन उपलब्ध नहीं करा रहा है, तो बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज करने का औचित्य ही क्या है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया गया और दर्ज केस वापस नहीं लिए गए, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

अधिकारियों ने बातचीत शुरू की, आश्वासन अधूरा

धरना और तालाबंदी की वजह से कार्यालय का कामकाज घंटों प्रभावित रहा। देर शाम विभागीय अधिकारी पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की, लेकिन कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया जा सका। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की लापरवाही और भ्रष्टाचार की वजह से उन्हें बार-बार परेशान होना पड़ रहा है।