झारखंड के लिए गर्व का पल, युवा हॉकी5s एशिया कप की भारतीय टीम में छह खिलाड़ियों का चयन
Jharkhand: हॉकी इंडिया ने ओमान के मस्कट में होने वाली पहले यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप 2026 के लिए भारत की सब-जूनियर पुरुष और महिला टीमों की घोषणा कर दी है. इस टीम में झारखंड के छह खिलाड़ियों को जगह मिली है, जो राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.
![]()
महिला टीम में झारखंड की नीलम टोपनो, किरण एक्का, पुष्पा मांझी, श्रुति कुमारी, संदीपा कुमारी और कप्तान स्वीटी कुजूर का चयन हुआ है. इन खिलाड़ियों के चयन से एक बार फिर साबित हुआ है कि भारतीय महिला हॉकी में झारखंड की प्रतिभाओं का दबदबा लगातार बढ़ रहा है.
टूर्नामेंट में दोनों वर्ग में सात-सात टीमें मुकाबला करेंगी. पुरुष वर्ग में मेजबान ओमान, भारत, पाकिस्तान, ईरान, इराक, सऊदी अरब और बांग्लादेश की टीम चुनौती पेश करेंगी. वहीं, महिला वर्ग में भारत, पाकिस्तान, ओमान, चीन, उज्बेकिस्तान, कजाखस्तान और ईरान की टीम खेलेंगी. भारतीय महिला टीम का चयन भोपाल और पुरुष टीम का चंडीगढ़ में आयोजित शिविर के बाद किया गया है.
सब जूनियर महिला टीम
- गोलकीपर : खिली कुमारी, महक परिहार.
- डिफेंडर : नीलम टोपनो, किरण एक्का.
- मिडफील्डर : दीया, पुष्पा मांझी, श्रुति कुमारी.
- फॉरवर्ड : नौशीन नाज, संदीपा कुमारी, स्वीटी कुजूर (कप्तान).
सब जूनियर पुरुष टीम
- गोलकीपर : सावन कुमार, आयुष रजक.
- डिफेंडर : करण गौतम, आशीष तानी पूर्ति.
- मिडफील्डर : राहुल यादव, रोमित पाल.
- फॉरवर्ड : केतन कुशवाहा (कप्तान), प्रह्लाद राजभर, अर्शदीप सिंह, शाहरुख अली.
हॉकी इंडिया के अनुसार, यह यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप का पहला संस्करण है, जिसका आयोजन मस्कट (ओमान) में किया जाएगा. भारतीय टीम ने हाल के वर्षों में जूनियर स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है और इस टूर्नामेंट में भी पदक की प्रबल दावेदार मानी जा रही है.
झारखंड हॉकी के लिए यह चयन बेहद खास माना जा रहा है. राज्य लंबे समय से भारतीय हॉकी को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी देता रहा है. अब युवा वर्ग में भी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों का राष्ट्रीय टीम में चयन झारखंड की मजबूत हॉकी संरचना और प्रतिभा को दर्शाता है. खेल प्रेमियों और राज्य सरकार ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके सफल प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं.







