'चुनाव आयोग की पारदर्शिता' पर खड़े हो रहे है सवाल? रांची में कांग्रेस की हुई समीक्षा बैठक
Jharkhand Desk: देश की राजनीति में बीजेपी से हर मामले में मुकाबला करने में सक्षम बनने की तैयारी कांग्रेस कर रही है. पहले संगठन को ग्रासरूट तक मजबूत करने के लिए पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर 2025 को संगठन सृजन वर्ष के रूप में मना रही है. अब पार्टी ने अपने प्रवक्ता और मीडिया कोऑर्डिनेटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर योग्य व्यक्ति के चयन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस की आवाज, 'नेशनल टैलेंट हंट प्रोग्राम' के तहत अपने प्रवक्ताओं की नियुक्ति करने जा रही है.
![]()
प्रवक्ताओं के चयन के लिए नेशनल मीडिया टैलेंट हंट प्रोग्राम पूरे देश में चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में झारखंड में भी इस कार्यक्रम की विधिवत लांचिंग हो गई है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि एआईसीसी द्वारा टैलेंट हंट के माध्यम से झारखंड में प्रदेश स्तरीय एवं क्षेत्रीय स्तर पर प्रवक्ताओं की नियुक्ति के लिए प्रक्रिया शुरू हो रही है.
उन्होंने बताया कि पूरे झारखंड को इसके लिए 7 जोन में बांटा गया है. जिसमें पहला पलामू, दूसरा कोल्हान, तीसरे जोन में देवघर, दुमका, जामताड़ा, चौथे जोन में साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, पांचवें जोन में रामगढ़, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, छठे जोन में बोकारो, धनबाद, गिरिडीह एवं सातवें जोन में दक्षिण छोटानागपुर के जिले शामिल होंगे.
📍राजकीय अतिथिशाला, रांची
— INCJharkhand (@INCJharkhand_) November 16, 2025
अतिथिशाला के सभागार में कांग्रेस द्वारा शुरू किए जा रहे “टैलेंट हंट” कार्यक्रम को लेकर आज एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, उद्देश्यों और क्रियान्वयन रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस बैठक में प्रदेश के प्रभारी… pic.twitter.com/QX7Tsx64uC
इस पूरी प्रक्रिया में कांग्रेस के मूल्यों के प्रति निष्ठा, वैचारिक प्रतिबद्धता रखने वाले और राजनीतिक रूप से जागरूक, स्पष्ट सोच, त्वरित प्रतिक्रिया देने, शुद्ध भाषा और संचार कौशल, इतिहास का समुचित ज्ञान, मीडिया में सहज उपस्थिति, मीडिया के माध्यम से जनता तक अपनी बातों को तथ्यों के साथ रखने वालों का चुनाव क्षेत्रीय एवं राज्य स्तर पर किया जाएगा. संगठन सृजन के तहत चल रहे कार्यक्रम के अंतर्गत इस सांगठनिक प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा.
'नेशनल टैलेंट हंट' प्रोग्राम नई प्रतिमाओं की खोज का माध्यम
'नेशनल टैलेंट हंट' प्रोग्राम के लिए पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड एवं बिहार के लिए नियुक्त प्रभारी और एआईसीसी के प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल ने बताया कि यह कार्यक्रम ऐसी प्रतिभा की खोज के लिए है, जो अपने देश के संविधान, प्रस्तावना, संस्कृति और राजनीति की समझ रखता हो. दरअसल, पिछले काफी समय से कई ऐसे लोग हैं जो विचारों को देश के साथ साझा करना चाहते हैं, उन्हें यह मंच प्रदान किया जा रहा है.
अतुल लोंढे पाटिल ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे चाहते हैं कि संगठन में आने का माध्यम सिर्फ कोई नेता ना हो बल्कि प्रतिभाशाली लोगों से सीधा संवाद करे. उन्हें संगठन में लाने का माध्यम दूसरे क्षेत्र में उनकी विशेषता भी हो. वही कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति उर्फ रिंकू तिवारी ने कहा कि इस कार्यक्रम को इसी उद्देश्य के लिए बनाया गया है.
हमें कांग्रेस से जुड़ने वाले व्यक्ति की खोज
कांग्रेस की इस राष्ट्रव्यापी प्रवक्ता चयन टैलेंट हंट योजना, योग्य और प्रतिभाशाली प्रवक्ताओं की खोज कर उन्हें जिम्मेदारी देने के लिए हैं. इस खोज के लिए पूरे देश को 7 जोन में बांटा गया है. कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अतुल लोढे पाटिल ने कहा कि हम हर उस व्यक्ति से जुड़ने की कोशिश करेंगे, जो कांग्रेस से जुड़ना चाहता है, पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होगी, जिसमें एनजीओ, सिविल सोसाइटी, मीडिया जगत से जुड़े लोग भी इस प्रक्रिया से जुड़े होंगे.
'चुनाव आयोग की पारदर्शिता' पर खड़े हो रहे है सवाल?
वहीं उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी तंत्र का इस्तेमाल करके केंद्र सरकार और बीजेपी, मीडिया और खासकर सोशल मीडिया को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है. गठबंधन आज के समय में लोकतंत्र को बचाने का प्रयास करने वाले दलों की एकजुटता है. बीजेपी साम, दाम, दंड और भेद सभी का इस्तेमाल कर गैर वैधानिक तरीके से चुनाव जीत रही है. राष्ट्रीय प्रवक्ता ने आगे बताया कि 'चुनाव आयोग की पारदर्शिता' पर सवाल खड़े हो रहे हैं? क्योंकि लोकतांत्रिक संस्थाओं और प्रक्रियाओं को अस्थिर कर दिया गया है, चुनाव की पारदर्शिता से लोगों का भरोसा उठ गया है.
चुनाव आयोग पर बरसे अतुल लोढे पाटिल
उन्होंने महाराष्ट्र, हरियाणा के बाद अब बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों को बीजेपी को जनता के समर्थन से मिली जीत नहीं बल्कि चुनाव आयोग की सहायता से मिली जीत करार दिया है. उन्होंने कहा कि बिहार में जिस तरह से बीजेपी के लिए चुनाव आयोग ने पिच तैयार की वह लोकतंत्र के लिए खतरनाक है.
बिहार में हुआ आचार संहिता का खुलेआम उल्लंघन: कांग्रेस
उन्होंने आगे कहा कि पहले फाइनल वोटर लिस्ट जारी होने के बाद 3 लाख वोटर बढ़ गए, फिर 16 लाख नए वोटरों ने नाम जुड़वाने के लिए आवेदन दिए लेकिन नाम जुड़ गया 21 लाख लोगों का, चुनाव आदर्श आचार संहिता का खुलेआम उल्लंघन हुआ और चुनाव आयोग चुप रहा. इस दौरान मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, लालकिशोर नाथ शाहदेव, सोनाल शांति, कमल सिंह ठाकुर, गजेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे.







