Rail Important Update: झारखंड-बंगाल के रेल यात्रियों को बड़ा झटका! कई ट्रेनें रद्द, कई के बदले रूट
Jamshedpur: झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच रेल से सफर करने वाले यात्रियों को आने वाले दिनों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर और आद्रा मंडल में चल रहे विकास कार्यों और तकनीकी रखरखाव के कारण कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे ने कुछ ट्रेनों को रद्द करने, कुछ का मार्ग बदलने और कुछ को सीमित दूरी तक चलाने का फैसला लिया है। ऐसे में टाटानगर से यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी ट्रेन की स्थिति पहले जांच लेना जरूरी है।

चौथी रेल लाइन के काम से नौ ट्रेनें रद्द
चक्रधरपुर रेल मंडल में झारसुगुड़ा और बागडीह के बीच चौथी रेल लाइन की कमीशनिंग का काम शुरू किया गया है। इस कार्य के कारण रेलवे ने नौ ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है। टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस 3 नवंबर को नहीं चलेगी। वहीं, हावड़ा-कांटाबाजी इस्पात एक्सप्रेस दोनों दिशाओं में 3 और 4 नवंबर को रद्द रहेगी।
इसके अलावा टाटानगर होकर गुजरने वाली हावड़ा-जगदलपुर एक्सप्रेस का परिचालन भी प्रभावित होगा। राउरकेला, झारसुगुड़ा, जगदलपुर और भुवनेश्वर की ओर जाने वाले यात्रियों को भी इस बदलाव का असर झेलना पड़ सकता है। कलिंगा उत्कल एक्सप्रेस को निर्धारित मार्ग के बजाय परिवर्तित रूट से चलाया जाएगा।
8 नवंबर तक आद्रा मंडल में भी रेल परिचालन प्रभावित
इधर, आद्रा रेल मंडल में ट्रैक की मरम्मत और सुरक्षा से जुड़े कार्यों के लिए 8 नवंबर तक संयुक्त रोलिंग ब्लॉक लिया गया है। इसका सीधा असर टाटानगर, आद्रा और आसनसोल के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।
रेलवे की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, आसनसोल-आद्रा-आसनसोल मेमू (68046-68045) और आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल मेमू (63594-63593) का परिचालन 5 और 8 नवंबर को पूरी तरह बंद रहेगा।
आद्रा तक ही चलेगी टाटानगर-बाराभूम मेमू
रोलिंग ब्लॉक के कारण टाटानगर-आसनसोल-बाराभूम मेमू (68056-68060) भी 5 और 8 नवंबर को प्रभावित रहेगी। इन दोनों तारीखों पर ट्रेन आद्रा स्टेशन तक ही चलेगी। आद्रा से आसनसोल के बीच इसका परिचालन नहीं होगा।
वहीं, आसनसोल-पुरुलिया मेमू (63594-63593) 3, 4, 6 और 7 नवंबर को आद्रा स्टेशन तक ही जाएगी। आगे का सफर करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ सकती है।
बक्सर एक्सप्रेस भी 45 से 60 मिनट होगी नियंत्रित
रेलवे ब्लॉक का असर लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी पड़ेगा। बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस (18184) को 5 और 8 नवंबर को रास्ते में 45 से 60 मिनट तक नियंत्रित करके चलाया जाएगा। इससे ट्रेन के टाटानगर पहुंचने के समय में देरी हो सकती है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की संशोधित समय-सारिणी और परिचालन की स्थिति जरूर जांच लें, ताकि यात्रा के दौरान अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।







