Movie prime

झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज: रांची समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, 11 मार्च तक राहत की उम्मीद

 
झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज: रांची समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, 11 मार्च तक राहत की उम्मीद
Jharkhand Weather Report: झारखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। राज्य की राजधानी रांची समेत कई जिलों में रविवार को बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न रहने की सलाह दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वातावरण की ऊपरी सतह से नमी वाली हवाएं राज्य में प्रवेश कर रही हैं, जबकि निचले स्तर पर पश्चिमी हवाओं का असर बना हुआ है। इसी वजह से आसमान में हल्के बादल छाए हुए हैं और मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।

बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रही। इस दौरान रांची का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई।

राज्य में सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर में 35.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे दिन में गर्मी का असर महसूस किया गया।

मौसम विभाग ने बताया है कि झारखंड के कई जिलों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। इसको लेकर अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार राज्य में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज 11 मार्च तक बना रह सकता है। इसके बाद मौसम में फिर से बदलाव होने की संभावना जताई जा रही है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और आकाशीय बिजली से बचाव के लिए खुले मैदान, पेड़ों या ऊंचे स्थानों के नीचे खड़े होने से बचें।