झारखंड में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर शुरू, बिजली गिरने की आशंका को लेकर लोगों को सतर्क रहने की अपील
Jharkhand Weather Update: झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और राज्य के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने (ठनका) को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. झारखंड के कुछ हिस्सों में मंगलवार सुबह तक पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई और मौसम विभाग ने राज्य में नौ मई तक बारिश, गरज के साथ बूंदाबांदी और दिन के तापमान में गिरावट का अनुमान जताया है.

राज्य की राजधानी में स्थित मौसम विज्ञान कार्यालय ने बताया कि बोकारो जिले के तेनुघाट में सबसे अधिक 82.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि खूंटी जिले में 26.5 मिमी. और रांची में 19.6 मिमी. बारिश हुई
6 से 10 मई तक का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 6 से 10 मई तक राजधानी रांची समेत राज्य के अलग-अलग जिलों में आकाश में बादल छाए रहेंगे. वज्रपात की भी संभावना है. कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. जबकि, हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा रहेगी. मौसम विभाग ने 10 मई तक येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है.
तेनुघाट में सबसे ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक बारिश तेनुघाट (बोकारो) में 82.2 मिमी हुई है. वहीं, कांके में 50.2 मिमी बारिश हुई. मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम में आठ मिमी बारिश हुई.
इन जिलों में इतना रहा अधिकतम तापमान
झारखंड के रांची जिला का तापमान 29.4 डिग्री, जमशेदपुर का 34.2 डिग्री, मेदिनीनगर में 34.0 डिग्री और बोकारो में 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, चाईबासा में 32.4 डिग्री, कोडरमा में 31.4 डिग्री, गुमला में 30.9 डिग्री, हजारीबाग 30.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. लातेहार में 28.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि लोहरदगा में 28.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. खूंटी में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.







