झारखंड में राज्यसभा चुनाव का ऐलान, 18 जून को दो सीटों पर होगा मतदान, पार्टियों की रणनीति शुरू
Ranchi: झारखंड समेत दूसरे राज्यों में खाली हो रही राज्यसभा की सीटों के लिए चुनाव की घोषणा हो गई है. भारत निर्वाचन आयोग 1 जून से इसके लिए प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है. भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, 1 जून को अधिसूचना जारी होते ही नामांकन दाखिल किया जाएगा. 8 जून तक नामांकन पर्चा भरा जाएगा. 9 जून को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी होगी और 11 जून को नामांकन वापसी की तिथि निर्धारित की गई है.
![]()
18 जून को होगी वोटिंग
दरअसल 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होंगे. वोटों की गिनती उसी दिन यानी 18 जून को शाम 5 बजे से शुरू की जाएगी. इस तरह से 20 जून तक चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी.
झारखंड की दो सीटों के लिए होगा चुनाव
झारखंड समेत देशभर में होने वाले राज्यसभा चुनाव की तारीख की घोषणा होते ही राजनीतिक गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई है. राज्य में दो सीटों के लिए चुनाव होना है. दिवंगत शिबू सोरेन के निधन की वजह से 4 अगस्त 2025 से राज्यसभा की एक सीट खाली है जबकि दूसरी सीट दीपक प्रकाश के 21 जून को कार्यकाल समाप्त होने की वजह से खाली हो रही है.
झामुमो के खाते में एक सीट आना तय जबकि दूसरी सीट पर रोचक मुकाबला
यदि आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो राज्यसभा चुनाव में सत्तारूढ़ जेएमएम कांग्रेस राजद के पास 56 विधायकों का मत है, जिसमें जेएमएम के पास 34, कांग्रेस के पास 16 और राजद के 4 विधायक और भाकपा माले के 2 विधायक है. मौजूदा आंकड़ों के अनुसार, झारखंड मुक्ति मोर्चा के खाते में एक सीट सुरक्षित मानी जा रही है, जबकि दूसरी सीट के लिए दिलचस्प मुकाबला होने की संभावना है.
वहीं विपक्षी खेमे में 24 विधायकों का समर्थन है. जिसमें बीजेपी के 21, आजसू, लोजपा और जदयू के 1-1 विधायक शामिल हैं. पर्याप्त संख्या बल नहीं होने के बावजूद विपक्ष की ओर से प्रत्याशी को उतारने की संभावना जताई जा रही है. इधर, सत्तारुढ़ झामुमो, कांग्रेस और राजद की ओर से यदि दो प्रत्याशी खड़े किए जाते हैं तो मुकाबला दिलचस्प होने के आसार हैं.







