रांची में रामनवमी का भव्य जश्न, अखाड़ों में दिखी तलवारबाजी और राम भक्तों की भीड़...
Ranchi: रामनवमी के मौके पर रांची पूरी तरह राममय नजर आई. शहर की प्रमुख सड़कों पर भव्य जुलूस निकाले गए, जहां राम भक्तों का उत्साह चरम पर दिखा. अखाड़ों में पारंपरिक हथियारों के साथ युवाओं ने हैरतअंगेज करतब दिखाए, वहीं राजनीति और प्रशासन से जुड़े कई बड़े चेहरे भी जुलूस में शामिल हुए.
जुलूस में उमड़ा जनसैलाब
सुबह से देर रात तक रांची की सड़कों पर रामनवमी जुलूस निकलते रहे. ढोल-नगाड़ों, भगवा झंडों और ‘जय श्रीराम’ के नारों से पूरा शहर गूंज उठा. अलग-अलग अखाड़ों के कलाकारों ने लाठी, तलवार और अन्य पारंपरिक हथियारों के साथ प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान खींचा.
संजय सेठ की तलवारबाजी बनी आकर्षण
रामनवमी जुलूस के दौरान रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ का अलग ही अंदाज देखने को मिला. वे अखाड़े में उतरे और तलवारबाजी करते नजर आए. मंत्री की इस भागीदारी से कार्यकर्ताओं और राम भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.
बाबूलाल मरांडी भी दिखे अखाड़े में
झारखंड भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी रामनवमी जुलूस में शामिल हुए. उन्होंने अखाड़े में जाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया और राम भक्तों के साथ जय श्रीराम के नारे लगाए.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रामनवमी को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा. संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी. ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से भीड़ पर नजर रखी जा रही थी, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो. रामनवमी पर रांची में आस्था, परंपरा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। जुलूस, अखाड़ों के करतब और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने पर्व को और भव्य बना दिया, वहीं प्रशासन की सतर्कता से आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ.







