Movie prime

रांची में रामनवमी जुलूस और बोर्ड परीक्षा एक साथ, परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी..सुरक्षा और ट्रैफिक को लेकर हाई अलर्ट...

Ranchi: जिला प्रशासन ने अभिभावकों और परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं. सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है. साथ ही यह भी कहा गया है कि सार्वजनिक परिवहन आंशिक रूप से प्रभावित हो सकता है, इसलिए अभिभावक पहले से योजना बनाकर छात्रों को समय से पहले परीक्षा केंद्र तक पहुंचाएं. छात्रों को भी निर्धारित समय से पहले घर से निकलने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.
 
JHARKHAND

Ranchi: रामनवमी और CBSE 12वीं बोर्ड परीक्षा एक ही दिन पड़ने के कारण रांची जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. 27 मार्च 2026 को होने वाली परीक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने परीक्षार्थियों को किसी भी तरह की परेशानी से बचाने के लिए व्यापक तैयारी की है. प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि परीक्षा और पर्व दोनों का आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो इसके लिए सुरक्षा, ट्रैफिक और निगरानी के स्तर पर विशेष इंतजाम किए गए हैं.

रामनवमी के मौके पर निकलने वाले जुलूस और बढ़ती भीड़ को देखते हुए शहर में विशेष ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान लागू किया गया है. परीक्षा केंद्रों तक छात्रों की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए कई वैकल्पिक मार्ग (रूट डायवर्जन) तय किए गए हैं. प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि जुलूस मार्ग और परीक्षा केंद्रों के बीच बेहतर समन्वय रहे, ताकि किसी भी तरह की बाधा उत्पन्न न हो और छात्र समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकें.

जिला प्रशासन ने अभिभावकों और परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं. सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है. साथ ही यह भी कहा गया है कि सार्वजनिक परिवहन आंशिक रूप से प्रभावित हो सकता है, इसलिए अभिभावक पहले से योजना बनाकर छात्रों को समय से पहले परीक्षा केंद्र तक पहुंचाएं. छात्रों को भी निर्धारित समय से पहले घर से निकलने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.

प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है. किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. आम लोगों से अपील की गई है कि वे शांति और सौहार्द बनाए रखें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि परीक्षा और रामनवमी दोनों का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके.