रामनवमी जुलूस बना हिंसा का मैदान! बिगड़े हालात, धारदार हथियार और गोली चली, पुलिस ने दो को हिरासत में लिया...
- एक युवक को चापड़ से गंभीर चोटें आई हैं.
- दूसरे युवक को गोली लगी, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
Jharkhand: झारखंड में रामनवमी जुलूस के दौरान हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. जुलूस के दौरान किसी बात को लेकर हुए विवाद में दो युवकों पर चापड़ से हमला किया गया, वहीं एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.

टीएमएच में घायलों का इलाज
बस्ती के लोगों ने दोनों घायल युवकों तुरंत टीएमएच अस्पताल पहुंचाया. वहां उनके घरवालों ने काफी हंगामा किया. घायलों का इलाज शुरू किया गया और पुलिस अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने अस्पताल पहुंचे.
कैसे दिया गया वारदात को अंजाम
छायानगर बस्ती के लोगों का कहना है कि हमलावरों की संख्या लगभग 10-12 थी. जुलूस के दौरान सन्नी पुष्टि और उसके साथियों का शुरू भुइयांडीह के एक स्थानीय युवक के साथ विवाद हुआ था, जो इस हमले का मुख्य कारण माना जा रहा है. सन्नी पुष्टि के गले पर चापड़ से वार किया गया, जिससे वह गिर पड़ा. नंदू लोहार को दो गोली लगीं, लेकिन वह भागने का प्रयास करता रहा. हालांकि, हमलावर उसे पीछे से खदेड़ते रहे. करीब 200 मीटर जाने के बाद नंदू सड़क पर गिर पड़ा.

पुरानी रंजिश में किया गया हमला
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी भोला प्रसाद सिंह और आनंद मिश्रा दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मौके से दो गोली, हवाई चप्पल, टोपी और रुमाल बरामद किया. डीएसपी ने बताया कि घटना पुराने विवाद से जुड़ी हुई है और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. फरार आरोपियों की तलाश और छापेमारी जारी है.
छोटे-मोटे विवादों में फंसते रहते हैं घायल
बस्ती के लोगों का कहना है कि सन्नी पुष्टि गैस सप्लाई का काम करता है, जबकि नंदू लोहार स्लैग चुनने का काम करता है. उन्होंने कहा कि दोनों अक्सर इलाके में छोटे-मोटे विवादों में फंसते रहते थे. रामनवमी जुलूस के दौरान उसी रंजिश का परिणाम यह हिंसा बनी.
आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी
पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए छायानगर बस्ती में लगातार छापेमारी की जा रही है. डीएसपी भोला प्रसाद ने कहा कि सभी आरोपी स्थानीय बस्ती के बताए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें हिरासत में लिया जाएगा. इस तरह, जमशेदपुर में रामनवमी जुलूस के दौरान हुए इस हमले ने बस्तीवासियों में डर और सनसनी पैदा कर दी है और पुलिस पूरी सतर्कता के साथ मामले की जांच में जुटी हुई है.







