Newshaat_Logo

बिरसा मुंडा 150वीं जयंती: रांची एयरपोर्ट का नाम बदलकर ‘भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट’ करने की चर्चा, देशभर के एयरपोर्ट-स्टेशनों पर बनेगा ‘जन्मोत्सव कॉर्नर’

 
बिरसा मुंडा 150वीं जयंती: रांची एयरपोर्ट का नाम बदलकर ‘भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट’ करने की चर्चा, देशभर के एयरपोर्ट-स्टेशनों पर बनेगा ‘जन्मोत्सव कॉर्नर’

Ranchi: संस्कृति मंत्रालय में 8 अप्रैल 2025 को विशेष सचिव एवं वित्तीय सलाहकार रंजना चोपड़ा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक शास्त्री भवन में हुई, जिसमें विभिन्न मंत्रालयों और संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक का मुख्य एजेंडा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर चल रहे जनजातीय गौरव वर्ष के अंतर्गत अब तक की गतिविधियों की समीक्षा और आगे की योजनाएँ तय करना था।

बैठक के मुख्य निर्णय
    •    एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों पर ‘जन्मोत्सव कॉर्नर’:
1 से 15 नवंबर तक देशभर के बड़े एयरपोर्ट्स और रेलवे स्टेशनों पर ‘जन्मोत्सव कॉर्नर’ बनाए जाएंगे। इनमें भगवान बिरसा मुंडा और अन्य जनजातीय नायकों से जुड़े डिजिटल और फिजिकल एग्ज़ीबिशन, फिल्में, LED डिस्प्ले, क्विज़, नुक्कड़ नाटक और आदिवासी नृत्य जैसे कार्यक्रम होंगे।
    •    ट्राइबल प्रोडक्ट और वॉल आर्ट डिस्प्ले:
150 एयरपोर्ट्स और 150 रेलवे स्टेशनों पर स्थानीय जनजातीय कलाकार दीवारों पर पेंटिंग करेंगे। कलाकारों को स्थानीय स्तर पर सम्मानित भी किया जाएगा। साथ ही TRIBES INDIA और शिल्पकारों के उत्पाद भी प्रदर्शित होंगे।
    •    शिक्षा मंत्रालय की पहल:
शिक्षा सप्ताह में एक दिन भगवान बिरसा मुंडा को समर्पित होगा। स्कूलों में निबंध लेखन, क्विज़, नाटक और असेंबली गतिविधियाँ होंगी। NCERT ने पहले ही बिरसा मुंडा पर विशेष मॉड्यूल शामिल कर दिए हैं।
    •    युवा एवं खेल मंत्रालय की गतिविधियाँ:
मंत्रालय ने अब तक 15,000 युवाओं की भागीदारी से 1.45 लाख किलोमीटर लंबी पदयात्राएँ आयोजित की हैं। नवंबर में और बड़े आयोजन होंगे।
    •    व्यापार और फैशन शो:
निफ्ट (NIFT) और वस्त्र मंत्रालय की मदद से जनजातीय बुनाई का प्रदर्शन और ‘अचीवर्स वॉक इन ट्राइबल फैशन’ आयोजित किया जाएगा।
    •    वार्षिक जनजातीय महोत्सव और टेंट सिटी:
पर्यटन मंत्रालय और संस्कृति मंत्रालय मिलकर इस पर विस्तृत योजना बनाएंगे।

रांची एयरपोर्ट का नाम बदलने की चर्चा

बैठक में यह भी चर्चा सामने आई कि रांची एयरपोर्ट का नाम बदलकर ‘भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट’ करने पर विचार किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इस पर उच्च स्तर पर मंथन जारी है ताकि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर इसे ऐतिहासिक रूप दिया जा सके। हालांकि, अभी तक इस पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।