रांची नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद, सिटी एसपी के नेतृत्व में पुलिस का फ्लैग मार्च
Ranchi: राजधानी रांची में आगामी नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. इसी कड़ी में एसएसपी राकेश रंजन के दिशा-निर्देश पर शुक्रवार की शाम सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में शहर के विभिन्न संवेदनशील और प्रमुख इलाकों में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया.
नगर निकाय चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के उद्देश्य से इस फ्लैग मार्च का नेतृत्व सिटी एसपी पारस राणा ने किया. मार्च के माध्यम से पुलिस ने आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया, कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
सिटी एसपी के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर के मुख्य चौराहों, घनी आबादी वाले क्षेत्रों और मतदान केंद्रों के आसपास के इलाकों का भ्रमण किया. संवेदनशील इलाकों में पुलिस की विशेष गश्त बढ़ा दी गई है. साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं. एसएसपी राकेश रंजन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट मोड पर रहने और अपने-अपने क्षेत्रों में सूचना तंत्र को मजबूत करने का निर्देश दिया है.







