Ranchi Fire: हिनू में ऑफिस में भीषण आग! कंप्यूटर समेत सबकुछ जलकर राख, HDFC बैंक भी था बिल्डिंग में
Ranchi: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के हिनू में सोमवार सुबह एक निजी कंपनी के कार्यालय में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग शिवा प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में लगी। देखते ही देखते ऑफिस से धुआं और आग की तेज लपटें निकलने लगीं।
![]()
आग की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और इसकी सूचना कंपनी के प्रोपराइटर को दी गई। इसके बाद अग्निशमन विभाग को भी घटना की जानकारी दी गई।
दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझाई आग
सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक कार्यालय में रखा कंप्यूटर, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो चुका था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग काफी तेजी से फैली, जिससे कार्यालय के अंदर मौजूद सामान को भारी नुकसान पहुंचा।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। अग्निशमन विभाग और संबंधित अधिकारी घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।
कंपनी के अधिकारी मनोज दुबे ने बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे स्थानीय लोगों से जानकारी मिली कि कार्यालय से धुआं निकल रहा है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को इसकी जानकारी दी गई। दमकल की टीम थोड़ी देर में मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने में जुट गई।
मनोज दुबे के मुताबिक, आग इतनी तेज थी कि कार्यालय के अंदर रखा कंप्यूटर समेत लगभग पूरा सामान जल गया। फिलहाल नुकसान का सटीक आकलन करना मुश्किल है और बाद में इसका पूरा विवरण सामने आएगा।
ग्राउंड फ्लोर पर था HDFC बैंक, नहीं हुआ नुकसान
जिस इमारत में आग लगी, उसके ग्राउंड फ्लोर पर HDFC बैंक की शाखा भी संचालित होती है। राहत की बात यह रही कि आग से बैंक में किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।
वहीं, इसी भवन के सेकंड फ्लोर पर शिवा प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड का कार्यालय स्थित है, जहां आग लगी थी।
कोई हताहत नहीं
घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है। अब आग लगने के वास्तविक कारण और कार्यालय में हुए कुल आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि, आग पर समय रहते काबू पा लिए जाने से बिल्डिंग के अन्य हिस्सों को बड़े नुकसान से बचा लिया गया।







