बारिश से रांची बेहाल! नालियां हुईं ओवरफ्लो, घरों में घुसा गंदा पानी..जलजमाव से हाहाकार...
Ranchi: रांची में तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई. सड़कों और निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई जगह नालियां ओवरफ्लो होने से गंदा पानी घरों में घुस गया. लोगों ने जलनिकासी की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है.
Ranchi: राजधानी रांची में सोमवार शाम से बदला मौसम मंगलवार को पूरी तरह बिगड़ गया। मंगलवार तड़के से लगातार हो रही झमाझम बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। कई घंटों तक हुई बारिश के बाद राजधानी के निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई। कई सड़कें पानी से लबालब नजर आईं, जबकि कुछ मोहल्लों में नाली का पानी घरों तक पहुंच गया।

सड़कों पर पानी भरने के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। कई जगह दोपहिया और चारपहिया वाहन पानी के बीच से गुजरते दिखाई दिए। जलजमाव के कारण लोगों को अपने काम और जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

डिप्रेशन के प्रभाव से जारी है बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य में सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र यानी डिप्रेशन के प्रभाव से रांची समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी भी जारी की है।
मंगलवार सुबह 11 बजे तक अकेले कांके क्षेत्र में करीब 40 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद भी आसमान में बादल छाए रहे और रांची समेत आसपास के इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होती रही।
निचले इलाकों में सबसे ज्यादा परेशानी
लगातार बारिश का सबसे ज्यादा असर राजधानी के निचले इलाकों में देखने को मिला। कई जगहों पर सड़क और नाली का अंतर तक खत्म हो गया। सड़कों पर पानी भरने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
कई स्थानों पर वाहन पानी में फंसे नजर आए। वहीं, कुछ मोहल्लों में जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होने के कारण नाली का पानी घरों के आसपास और अंदर तक पहुंच गया। इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

आवाजाही पर लगा ब्रेक
बारिश के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों के साथ-साथ आंतरिक सड़कों पर भी जलजमाव देखने को मिला। सुबह काम और अन्य जरूरी कार्यों के लिए घर से निकले लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।
लगातार बारिश के कारण जल निकासी व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ गया। वाहन चालकों को पानी भरी सड़कों पर सावधानी से वाहन चलाना पड़ा। कई इलाकों में जलजमाव के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा।

जलजमाव की शिकायत पर निगम की क्विक रिस्पांस टीम सक्रिय
जलजमाव की सूचना मिलने के बाद रांची नगर निगम की क्विक रिस्पांस टीमें सक्रिय हो गई हैं। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बताया कि जिन इलाकों से जलजमाव की शिकायतें मिल रही हैं, वहां क्विक रिस्पांस टीम उपकरणों के साथ पहुंचकर पानी निकालने का काम कर रही है।
नगर निगम की टीमें प्रभावित इलाकों की लगातार निगरानी कर रही हैं। नगर आयुक्त ने कहा कि लगातार बारिश के कारण फिलहाल कई स्थानों पर पानी जमा हुआ है। बारिश रुकने के बाद जलजमाव धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बीच प्रशासन की बढ़ी चुनौती
मौसम विभाग की ओर से बारिश और वज्रपात की चेतावनी के बीच प्रशासन और नगर निगम के सामने जलजमाव से निपटने की चुनौती बढ़ गई है। निगम की टीमें उपकरणों के साथ प्रभावित इलाकों में काम कर रही हैं, ताकि बारिश के दौरान लोगों को जल्द से जल्द राहत दी जा सके और शहर में आवाजाही सामान्य बनी रहे।
फिलहाल रांची में बारिश का दौर जारी है। ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।







