Ranchi Weather Update: रांची में मौसम का कहर, मूसलाधार बारिश से शहर बेहाल; 4 फ्लाइट डायवर्ट, 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक रांची में 42.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश और खराब दृश्यता का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। दिल्ली, कोलकाता और बेंगलुरु से रांची आने वाली चार फ्लाइट्स को डायवर्ट कर कोलकाता भेजना पड़ा। मौसम सामान्य होने के बाद ये विमान तीन से चार घंटे की देरी से रांची पहुंचे।
बारिश के दौरान दृश्यता घटकर मात्र 450 मीटर रह गई थी, जिससे विमानों की लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। कोलकाता-रांची फ्लाइट सुबह रांची के आसमान से ही वापस लौट गई, जबकि दिल्ली और बेंगलुरु से आने वाली उड़ानों को भी बीच रास्ते से डायवर्ट करना पड़ा। शाम तक भी कई उड़ानें देरी से संचालित हुईं।
मूसलाधार बारिश के कारण स्टेशन रोड, मेन रोड और शहर की कई अंदरूनी सड़कों पर पानी भर गया। निचले इलाकों में जलजमाव से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर पानी भरने से यातायात भी प्रभावित रहा और वाहन चालकों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार लगातार बारिश की वजह से रांची समेत राज्य के कई जिलों का तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। रांची का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 8 डिग्री कम होकर 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री तक पहुंच गया।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और निम्न दबाव के असर से झारखंड में मौसम सक्रिय बना हुआ है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले 24 घंटों तक राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
मौसम विभाग ने रांची समेत 11 जिलों में रविवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने कई इलाकों में वज्रपात और तेज आंधी की चेतावनी देते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।







