झारखंड में ‘हीट वेव’ का रेड अलर्ट! 43°C पार पारा, 3 दिन तक लू का कहर
इन जिलों में लू का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, रांची समेत कई जिलों में हीट वेव का असर दिखेगा। इसके अलावा जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में भी गर्मी तेजी से बढ़ रही है।
43°C तक पहुंचा पारा
मेदिनीनगर (पलामू) में तापमान 43°C तक पहुंच गया, जो इस सीजन के सबसे गर्म दिनों में शामिल है। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 41.2°C दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से काफी ऊपर रहा।
रांची में भी गर्मी का असर
राजधानी रांची में भी पारा लगातार चढ़ रहा है। यहां अधिकतम तापमान 38.8°C और न्यूनतम 22.2°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से ज्यादा है।
क्यों बढ़ रही है गर्मी?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर श्रीलंका तक बनी टर्फ लाइन और दूसरी लाइन मणिपुर तक सक्रिय है, जिसका असर बिहार, बंगाल और बांग्लादेश होते हुए झारखंड पर भी पड़ रहा है। इसी वजह से तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है।
लोगों का हाल बेहाल
तेज गर्मी के कारण दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा छा गया है। बाजारों में भीड़ कम हो गई है और लोग ठंडे पेय, सत्तू और आमजोर से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सोमवार और मंगलवार को तापमान और बढ़ सकता है। हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बादल छाने की संभावना भी जताई गई है।
सावधानी जरूरी
विशेषज्ञों ने लोगों को लू से बचने के लिए दोपहर में घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।
झारखंड में मौसम का यह बदला मिज़ाज साफ संकेत दे रहा है कि आने वाले दिन और भी चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।







