Newshaat_Logo

लंबे अंतराल के बाद झारखंड में लोकायुक्त की बहाली, रिटायर्ड जज अमिताभ गुप्ता को सौंपी गई अहम जिम्मेदारी..ली शपथ...

Jharkhand: शपथ ग्रहण के दौरान सेवानिवृत्त न्यायाधीश अमिताभ कुमार गुप्ता ने संविधान के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी और बिना किसी भय या पक्षपात के अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली. समारोह के अंत में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर शुभकामनाएं दीं.
 
JHARKHAND

Jharkhand: झारखंड को करीब पांच साल बाद नया लोकायुक्त मिल गया है. मंगलवार को राजभवन के लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल संतोष गंगवार ने झारखंड हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश अमिताभ कुमार गुप्ता को लोकायुक्त पद की शपथ दिलाई. इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित राज्य के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम की सभी औपचारिकताएं बेहद संक्षिप्त रूप में पूरी की गईं, जो लगभग दस मिनट तक चलीं. समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई और समापन भी राष्ट्रगान के साथ किया गया. 

May be an image of dais

इस दौरान राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने नियुक्ति आदेश का वाचन किया, जिसमें 16 अप्रैल को राज्यपाल द्वारा उनकी नियुक्ति की पुष्टि की गई थी. इसके बाद नवनियुक्त लोकायुक्त को मंच पर आमंत्रित कर शपथ दिलाई गई. शपथ ग्रहण के दौरान सेवानिवृत्त न्यायाधीश अमिताभ कुमार गुप्ता ने संविधान के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी और बिना किसी भय या पक्षपात के अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली. समारोह के अंत में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर शुभकामनाएं दीं.

May be an image of dais

गौरतलब है कि झारखंड में लोकायुक्त का पद जून 2021 से रिक्त था. लंबे अंतराल के बाद नियुक्ति होने से अब उम्मीद जताई जा रही है कि राज्य में भ्रष्टाचार के मामलों की जांच में तेजी आएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और प्रभावी होगी. इससे राज्य सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को भी मजबूती मिलने की संभावना है.