Newshaat_Logo

58 नहीं 60 साल में रिटायरमेंट! हाई कोर्ट के फैसले से कर्मचारियों को बड़ी राहत

झारखंड हाई कोर्ट ने सरकारी सेवा और कर्मचारियों से जुड़े चार मामलों में अहम फैसले सुनाये हैं. जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने IAS अधिकारी पवन कुमार मंडल को अपर सचिव या समकक्ष पद पर पदस्थापित करने के लिए 6 सप्ताह का समय दिया है. वहीं, वन निगम के पूर्व कर्मचारी रामेश्वर प्रसाद सिन्हा को 60 वर्ष तक सेवा का लाभ और बकाया भुगतान देने का निर्देश दिया है.
 
JHARKHAND

Ranchi: झारखंड हाई कोर्ट ने सरकारी सेवा, वेतनमान और कर्मचारियों के अधिकारों से जुड़े चार अलग-अलग मामलों में महत्वपूर्ण फैसले सुनाये हैं। जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने इन मामलों में राज्य सरकार और संबंधित विभागों को समय सीमा के भीतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। कोर्ट के आदेश से एक आईएएस अधिकारी की पदस्थापना, वन निगम के पूर्व कर्मचारी के सेवानिवृत्ति लाभ, विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर के वेतन और दैनिक वेतनभोगी जीप चालक के नियमितीकरण का रास्ता साफ हुआ है।

झारखंड हाई कोर्ट का बड़ा फैसला: हादसे में मृत पाकुड़ के पिंटू मंडल के  आश्रितों को अब मिलेंगे 15.38 लाख रुपये - jharkhand high court hikes road  accident compensation to 15 ...

1. IAS पवन कुमार मंडल की पदस्थापना पर 6 सप्ताह में फैसला

2014 बैच के आईएएस अधिकारी पवन कुमार मंडल को लेकर हाई कोर्ट ने राज्य सरकार को छह सप्ताह के भीतर आवश्यक आदेश जारी करने का निर्देश दिया है। अदालत ने उन्हें अपर सचिव अथवा समकक्ष पद पर पदस्थापित करने को कहा है।

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने वरिष्ठता का उल्लेख करते हुए कहा कि 2015 बैच के अधिकारियों को अपर सचिव के पद पर जिम्मेदारी दी जा चुकी है, जबकि 2014 बैच के वरिष्ठ अधिकारी को संयुक्त सचिव के पद पर बनाए रखना उचित नहीं है।

2. वन निगम के पूर्व कर्मचारी को 60 साल तक सेवा का लाभ

झारखंड राज्य वन विकास निगम के पूर्व कर्मचारी रामेश्वर प्रसाद सिन्हा को हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने उनकी 58 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्ति से संबंधित विभागीय आदेश रद्द कर दिया है।

कोर्ट ने निर्देश दिया है कि उन्हें 60 वर्ष की आयु तक सेवा में माना जाए। साथ ही इस अवधि का बकाया वेतन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभ भी दिये जाएं। सरकार और संबंधित विभाग को 16 सप्ताह के भीतर बकाया राशि की गणना कर भुगतान करने का आदेश दिया गया है।

3. एसोसिएट प्रोफेसर का घटाया गया वेतनमान होगा बहाल

विनोबा भावे विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर भोला मिश्रा को भी अदालत ने राहत दी है। कोर्ट ने उनका बेसिक पे स्केल 14,940 रुपये निर्धारित करते हुए पीएचडी एडवांस इंक्रीमेंट का लाभ बहाल करने और बकाया एरियर का भुगतान करने का निर्देश दिया है।

इस मामले में राज्य सरकार और विश्वविद्यालय को 12 सप्ताह के भीतर भुगतान सुनिश्चित करना होगा। दरअसल, पीएचडी के आधार पर मिलने वाला अतिरिक्त वेतन लाभ समाप्त करने के साथ उनका बेसिक पे स्केल भी घटाकर 12,000 रुपये कर दिया गया था। इसे उन्होंने अदालत में चुनौती दी थी।

4. 17 साल से दैनिक वेतन पर काम कर रहे जीप चालक होंगे नियमित

गिरिडीह जिला कल्याण कार्यालय में मई 2009 से दैनिक वेतन पर काम कर रहे कुलदीप कुमार तुरी को हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने उनकी सेवा नियमित करने से इनकार करने वाली राज्य स्तरीय समिति के आदेश को रद्द कर दिया है।

कोर्ट ने संबंधित विभाग को आदेश की प्रति प्राप्त होने के आठ सप्ताह के भीतर जीप चालक के पद पर उनकी सेवा नियमित करने का निर्देश दिया है।

गौरतलब है कि कुलदीप कुमार तुरी स्वीकृत रिक्त पद के विरुद्ध लगातार काम कर रहे थे। वर्ष 2019 में उन्होंने नियमितीकरण के लिए आवेदन दिया था। बाद में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त की अध्यक्षता वाली समिति ने भी उनकी सेवा नियमित करने की अनुशंसा की थी, लेकिन इसके बावजूद विभागीय स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

चार फैसलों से कर्मचारियों को मिली राहत

हाई कोर्ट के इन चार आदेशों से सरकारी सेवा में पदस्थापना, सेवानिवृत्ति की उम्र, वेतनमान और नियमितीकरण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर राहत मिली है। अब संबंधित विभागों को अदालत की ओर से निर्धारित समय सीमा के भीतर आदेशों का अनुपालन करना होगा।