नगर निकाय चुनाव के लिए राजद पूरी तरह तैयार, पार्टी ने कह दिया साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वालों को नहीं किया जाएगा माफ...
Ranchi: बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भले ही निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहे हों, लेकिन सभी दल अप्रत्यक्ष रूप से इसमें भाग ले रहे हैं...
Jan 30, 2026, 19:00 IST
Ranchi: नगर निकाय चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अपनी रणनीति तय कर ली है. आज रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में हुई अहम बैठक में लालू प्रसाद यादव की विचारधारा से जुड़े और पार्टी के प्रति समर्पित उम्मीदवारों को समर्थन देने का फैसला हुआ.
साथ ही यह भी तय किया गया कि भाजपा-समर्थित या साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को मेयर, अध्यक्ष या वार्ड पार्षद बनने से रोका जाए.
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भले ही निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहे हों, लेकिन सभी दल अप्रत्यक्ष रूप से इसमें भाग ले रहे हैं.
राजद भी अपने योग्य उम्मीदवारों को समर्थन देगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी का मुख्य फोकस इस बात पर रहेगा कि साम्प्रदायिक ताकतों की जीत न हो.
राजद कोटे से हेमंत सरकार में श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने बैठक में देर से पहुंचने के बावजूद महत्वपूर्ण बयान दिया. उन्होंने कहा कि महागठबंधन के अन्य दलों के योग्य और मजबूत उम्मीदवारों को हर संभव मदद की जाएगी, ताकि भाजपा-समर्थित या साम्प्रदायिक सद्भाव के खिलाफ काम करने वाले उम्मीदवार पराजित हो सकें.
श्रम मंत्री ने आगे कहा कि पूरे राज्य में महागठबंधन की लहर चल रही है. इस लहर का लाभ उठाकर जहां भी साम्प्रदायिक शक्तियों के समर्थित उम्मीदवार के खिलाफ कोई मजबूत प्रत्याशी होगा, राजद के नेता-कार्यकर्ता उसे जीत दिलाने के लिए पूरी ताकत से जुटेंगे.
वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा ने बैठक के बाद कहा कि हालांकि निकाय चुनाव सैद्धांतिक रूप से दलीय आधार पर नहीं हैं, लेकिन व्यावहारिक रूप से सभी दल अपने समर्थित उम्मीदवार खड़े कर रहे हैं. ऐसे में राजद के पास सुनहरा अवसर है कि वह जनता के बीच जाकर मतदाताओं को बताए कि देश कैसे खतरे में है.
उन्होंने कहा कि राजद के पास सामाजिक न्याय और संविधान बचाने का मुद्दा उठाने का अच्छा मौका है. झामुमो से भी बातचीत होगी, क्योंकि राजनीति में कुछ भी स्थिर नहीं रहता
महासचिव सत्यानंद भोक्ता, श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, उपाध्यक्ष अनिता यादव, महिला राजद की प्रदेश अध्यक्ष रश्मि प्रकाश, युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष रंजन कुमार यादव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा, प्रवक्ता कैलाश यादव, डॉ. मनोज कुमार, वरिष्ठ नेता इरफान अहमद अंसारी, रामकुमार यादव, साथ ही राज्य के सभी 24 जिलों के जिलाध्यक्ष भी बैठक में मौजूद रहे.







