RSS Office Petrol Bomb Case: ED की बड़ी कार्रवाई! 4 राज्यों में छापेमारी, Funding का खुलासा?
Ranchi: राजधानी रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले की जांच अब कथित वित्तीय लेन-देन और फंडिंग एंगल तक पहुंच गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को इस मामले से जुड़े मनी ट्रेल की जांच के तहत चार राज्यों में एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया है। ED की कार्रवाई दिल्ली, बिहार, झारखंड और कर्नाटक में चल रही है।
![]()
जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई उस मामले से जुड़ी है, जिसमें NIA की ओर से दर्ज प्रेडिकेट ऑफेंस के आधार पर वित्तीय पहलुओं की जांच की जा रही है। ED की दिल्ली टीम इस कार्रवाई को अंजाम दे रही है। झारखंड के लोहरदगा जिले में भी ED की तलाशी की जानकारी सामने आई है।
चार राज्यों में ED की एक साथ छापेमारी
ED की गुरुवार की कार्रवाई का मुख्य फोकस पेट्रोल बम हमले से जुड़े कथित वित्तीय लेन-देन, फंडिंग और मनी ट्रेल पर है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि मामले से जुड़े लोगों के बीच किसी तरह का आर्थिक लेन-देन हुआ था या नहीं।
हालांकि, फिलहाल ED की ओर से आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किन व्यक्तियों या परिसरों को तलाशी के दायरे में लिया गया है। छापेमारी के दौरान अब तक क्या-क्या बरामद हुआ है, इसकी भी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
17 जून की रात RSS कार्यालय पर हुआ था हमला
यह पूरा मामला 17 जून 2026 की रात रांची के निवारणपुर स्थित RSS कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले से जुड़ा है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, दो लोगों ने कार्यालय परिसर में पेट्रोल बम फेंके थे। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी और कार्यालय को भी कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ था।
घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में संदिग्धों के कार्यालय के पास पहुंचने और वारदात के बाद वहां से भागने की तस्वीरें दिखाई दी थीं। रांची पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें सैफ अंसारी, अमन अंसारी और सायम सुजन के नाम सामने आए थे।
NIA ने संभाली जांच, कई राज्यों में हो चुकी है कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए बाद में जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी गई। जुलाई 2026 में NIA ने इस मामले में कई राज्यों में करीब 20 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया था।
NIA की जांच कथित तौर पर हमले से जुड़े नेटवर्क, आरोपियों के संपर्क और अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका पर केंद्रित है। सितंबर में भी एजेंसी ने पटना में कार्रवाई की थी।
पटना में तलाशी के दौरान मिले थे करीब 20 लाख रुपये
9 सितंबर 2026 को NIA ने पटना के चित्रगुप्त नगर स्थित एक अपार्टमेंट के दो फ्लैटों में तलाशी ली थी। तलाशी के दौरान करीब 20 लाख रुपये नकद मिलने की जानकारी सामने आई थी। इसकी सूचना आयकर विभाग को भी दी गई थी।
इनमें से एक फ्लैट का संबंध गोपालगंज निवासी संदीप गुप्ता से बताया गया था। NIA ने उसे दिल्ली से हिरासत में लेकर पटना लाया था।
अब ED खंगाल रही पैसे का पूरा मनी ट्रेल
NIA की कार्रवाई के बाद अब ED की एंट्री से मामले की वित्तीय जांच भी तेज हो गई है। एजेंसी कथित तौर पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पेट्रोल बम हमले से जुड़े लोगों तक कोई रकम पहुंची थी या नहीं। साथ ही रकम के संभावित स्रोत, लेन-देन के माध्यम और उसके इस्तेमाल की भी जांच की जा रही है।
चार राज्यों में एक साथ चल रही ED की तलाशी के बाद अब जांच का दायरा और बढ़ने की संभावना है। हालांकि, छापेमारी से जुड़े बरामदगी और अन्य निष्कर्षों की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही मामले की तस्वीर और स्पष्ट होगी।







