Newshaat_Logo

भव्य समारोह के साथ सांसद सांस्कृतिक महोत्सव-सह-स्वदेशी मेला 2026 का उद्घाटन: राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भरता का दिया संदेश

Ranchi: सांसद सांस्कृतिक महोत्सव-सह-स्वदेशी मेला 2026 का भव्य शुभारंभ समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने संयुक्त रूप से किया. इस अवसर पर दोनों ने स्वदेशी उत्पादों को अपनाने, स्थानीय कारीगरों को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया.
 
Cultural-festival-cum-swadeshi-fair

Ranchi: राजधानी रांची के ऐतिहासिक ऑड्रे हाउस में तीन दिवसीय ‘सांसद सांस्कृतिक महोत्सव-सह-स्वदेशी मेला 2026’ का भव्य आगाज हुआ. इस उद्घाटन समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए.

वोकल फॉर लोकल पर राज्यपाल का जोर

इस कार्यक्रम की शुरुआत में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने स्वदेशी के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि स्वदेशी केवल उत्पाद नहीं, बल्कि आत्मगौरव और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार है. उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ की अवधारणा को आगे बढ़ाने की जरूरत बताई और कहा कि स्थानीय कारीगरों और उत्पादों को प्रोत्साहन देने से आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत भी मजबूत होती है.

MP Cultural Festival cum Swadeshi Fair 2026 started in Ranchi

राज्यपाल ने ऑड्रे हाउस के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्थल स्वतंत्रता आंदोलन की महत्वपूर्ण यादों से जुड़ा रहा है. उन्होंने इस तरह के आयोजनों को नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने वाला बताया और सभी से स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया.

MP Cultural Festival cum Swadeshi Fair 2026 started in Ranchi

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि स्वदेशी देश की पहचान और विविधता का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से स्वदेशी उत्पादों और स्थानीय कला-संस्कृति को बढ़ावा दे रही है. मुख्यमंत्री ने झारखंड के युवाओं और कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि यहां प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. सीमित संसाधनों के बावजूद राज्य के युवा शिक्षा, खेल और संस्कृति के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं.

MP Cultural Festival cum Swadeshi Fair 2026 started in Ranchi

मेले में राज्यभर से आए कारीगरों और शिल्पकारों द्वारा लगाए गए स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. यहां हस्तनिर्मित वस्त्र, आभूषण, बांस और मिट्टी से बने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गयी है. राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने स्टॉलों का निरीक्षण कर कारीगरों से बातचीत की और उनके प्रयासों की सराहना की. इस कार्यक्रम में पारंपरिक लोक नृत्य और गीतों के साथ अतिथियों का स्वागत किया गया, जिससे आयोजन में सांस्कृतिक रंग और भी गहरा हो गया.

MP Cultural Festival cum Swadeshi Fair 2026 started in Ranchi

इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कलाकार व आम लोग मौजूद रहे. यह महोत्सव स्वदेशी को बढ़ावा देने के साथ-साथ झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण मंच बन रहा है.