Newshaat_Logo

बाढ़ से साहिबगंज बेहाल! घर-रसोई डूबी, छतों पर गुजारनी पड़ रही रात...बाढ़ से मचा हाहाकार

Sahibganj: जिले में बाढ़ का पानी अब रिहायशी इलाकों तक पहुंच गया है. कई घरों में पानी घुसने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. हालात ऐसे हैं कि कुछ परिवारों की रसोई तक पानी में डूब गई, जिसके बाद लोग सुरक्षित रहने के लिए घर की छतों पर पहुंच गए. जलस्तर बढ़ने से प्रभावित इलाकों में लोगों के बीच चिंता का माहौल है.
 
JHARKHAND

Sahibganj: गंगा के बढ़ते जलस्तर से साहिबगंज के शहरी इलाकों में भी बाढ़ का असर बढ़ गया है। दियारा क्षेत्र के बाद अब अलीनगर, हबीबपुर, भारतीय कॉलोनी, हरिपुर और रसुलपुर दहला समेत कई मोहल्लों में बाढ़ का पानी घुस गया है। इससे लोगों की सामान्य जिंदगी प्रभावित हो गई है।

कई घरों के ग्राउंड फ्लोर और रसोई में पानी भर गया है, जिससे खाना बनाने समेत रोजमर्रा के कामों में परेशानी हो रही है। कुछ परिवार घर की ऊपरी मंजिल या छत पर रहने को मजबूर हैं, जबकि कई लोग घर छोड़कर रिश्तेदारों या सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं।

बाजार और आवागमन भी प्रभावित

बाढ़ का पानी भरने से बाजार से जरूरी सामान लाना और इलाके में आवागमन करना मुश्किल हो गया है। बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी परेशानी हो रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है।

पेयजल को लेकर बढ़ी चिंता

बाढ़ के बीच पीने के पानी की शुद्धता को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने कुछ घरों के नलों में बाढ़ का पानी आने की शिकायत की है। दूषित पानी से डायरिया और चर्म रोग जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से स्वच्छ पेयजल, दवा और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में प्रभावित मोहल्लों में जल्द राहत और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।