रांची सदर अस्पतला में 'सेव द गर्ल चाइल्ड' अभियान के तहत कैंडल मार्च, सिविल सर्जन समेत मेडिकल फैटरनिटी के लोग हुए शामिल
Ranchi: कन्या भ्रूण हत्या जैसे अनैतिक और गैरकानूनी कार्य से समाज को दूर रखने, बेटियों को बचाने और उन्हें पढ़ा लिखा कर सबल बनाने के प्रति रांची में 'सेव द गर्ल चाइल्ड' अभियान के तहत कैंडल मार्च निकाला गया. यह अभियान सिविल सर्जन रांची डॉ प्रभात कुमार की अध्यक्षता में निकाला गया. यह मार्च सदर अस्पताल परिसर में हाथ में कैंडल और नारेबाजी करते डॉक्टर्स, नर्स औक अन्य मेडिकल स्टाफ ने निकाला.
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना था. कैंडल मार्च में सिविल सर्जन रांची डॉ प्रभात कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, डॉ अमरेश, राकेश राय सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी, एएनएम और स्कूल की छात्राएं बड़ी संख्या में शामिल हुई. मार्च के दौरान प्रतिभागियों ने 'बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ', 'भ्रूण हत्या नहीं करेंगे' जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक करते नजर आए.
इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार ने कहा कि बेटियां समाज की अमूल्य धरोहर होती हैं. उनके सुरक्षित जन्म, बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और सम्मानजनक जीवन के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा. उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को लिंग समानता और बेटियों के अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाया जा रहा है.
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लिंगानुपात में सुधार लाना, कन्या भ्रूण हत्या को रोकना, बेटियों की शिक्षा और स्वास्थ्य को बढ़ावा देना और समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना है. बेटियों के संरक्षण, सम्मान और शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'सेव द गर्ल चाइल्ड' अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं. इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने सभी नागरिकों से बेटियों के महत्व को समझने और उन्हें समान अधिकार देने की अपील की.







