झाड़ियों में रातभर डटे रहे सुरक्षा बल, सुबह जैसे ही बाहर निकला रविंद्र गंझू, कोबरा जवानों ने मौके पर ही कर लिया गिरफ्तार
Jharkhand: झारखंड में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है. प्रतिबंधित नक्सली संगठन का सक्रिय सदस्य और ₹10 लाख का इनामी नक्सली रविंद्र गंझू को कोबरा (CoBRA) बटालियन और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया.

जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों को रविंद्र गंझू के अपने घर आने की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद कोबरा के जवानों ने रातभर उसके घर के आसपास की झाड़ियों और घने इलाके में छिपकर निगरानी की. पूरी रात इंतजार करने के बाद जैसे ही सुबह रविंद्र गंझू अपने घर से बाहर निकला, पहले से घात लगाए जवानों ने उसे चारों ओर से घेर लिया और बिना किसी मुठभेड़ के गिरफ्तार कर लिया. उसकी मौजूदगी की सूचना मिलने पर रविवार की रात से कोबरा के पांच जवान सादा लिबास में झाड़ियों में टकटकी लगाये बैठे थे. उन्होंने सुबह होते ही उसे घर के पास दौड़ा कर पकड़ लिया. रविंद्र प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन में रीजनल कमांडर के पद पर है. उस पर सरकार ने 15 लाख और एनआइए ने पांच लाख रुपये का इनाम रखा था. उसके ठिकाने से एके-56, एक पिस्टल और एक कट्टा मिला है. पिछले दो वर्षों में सीआरपीएफ का यह पहला ऑपरेशन कामयाब रहा.
ऐसे हुई गिरफ्तारी
ऑपरेशन से जुड़े अधिकारी ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी बड़े ही नाटकीय अंदाज में हुई. ना गोली चली और ना कोई खास मशक्कत करनी पड़ी. रविंद्र झारखंड पुलिस के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना हुआ था. सीआरपीएफ के खुफिया विंग को सूचना मिली थी कि रविंद्र अपने घर पर आया हुआ है. मौके पर रविंद्र गंझू खतरे का अंदेशा होने पर भागने लगा, जिसके बाद उसे जवानों ने दौड़ा कर पकड़ लिया. इसके बाद पहले से ही कुछ दूरी पर चार गाड़ियों में तैनात बैकअप जवान पहुंचे. फिर रविंद्र को साथ लेकर लातेहार चले गये.
कई जिलों में फैला था नेटवर्क
रविंद्र गंझू लातेहार जिले के चंदवा स्थित हेसला मौजा के बांझीटोला का रहनेवाला है. उस पर लातेहार, लोहरदगा और गुमला आदि जिलों में 55 से ज्यादा मामले दर्ज हैं. उसकी गिरफ्तारी से पलामू और रांची प्रमंडल में नक्सली लीडरशीप खत्म हो गयी है. लातेहार पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. पुलिस सूत्र बताते हैं कि रविंद्र गंझू के अलावा भी दो और लोगों को पुलिस ने पकड़ा है. उनके भी माओवादी संगठन में संलिप्तता के बिंदु की जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार, रविंद्र हाइटेक इंटरसेप्टर का उपयोग कर पुलिस वालों के वायरलेस पर होने वाली बातचीत को सुन लेता था. वह एके-47 और एके-56 जैसे मारक क्षमता वाले हथियारों का इस्तेमाल करता था.

किस कांड को लेकर फरार था नक्सली रविंद्र गंझू
22 नवंबर 2019 को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की चंदवा में सभा थी. उस दिन लातेहार जिले के चंदवा स्थित लुकुईया मोड़ के पास तैनात पुलिसकर्मियों पर रविंद्र गंझू और उसके दस्ते ने हमला कर दिया था. उसमे चार पुलिसकर्मी मारे गये थे. मामले में रविंद्र मुख्य आरोपी था. इसमें माओवादियों के ओवर ग्राउंड वर्कर सुनील गंझू, फगुना गंझू और बैजनाथ गंझू के भी नाम सामने आये थे. फगुना झाड़ियों में छिपकर पुलिस की रेकी कर रहा था, जबकि सुनील अपनी बाइक पर हमलावर दस्ते के दो शूटरों को बीरजांघा जंगल से लेकर वारदात की जगह तक आया था. इस सफल हमले और हथियारों की लूट से खुश होकर रविंद्र गंझू ने बोदा तालाब के पास अपने इन मददगारों को पांच-पांच हजार रुपये का इनाम भी बांटा था.
माओवादी सेंट्रल कमेटी मेंबर सुधाकरण के सहयोगी गुमला निवासी प्रभु साव की निशानदेही पर लातेहार के गारू के रूप पंचायत क्षेत्र से हथियार व नक्सली साहित्य मिले थे. वहीं चंदवा के लुकुइया में चार पुलिसकर्मियों की हत्या हुई थी. फरवरी 2022 में लातेहार-लोहरदगा सीमा पर स्थित बुलबुल जंगल में ऑपरेशन डबल बुल के तहत बड़ी संख्या में हथियार मिले थे. उक्त मामलों में एनआइए को रविंद्र गंझू की तलाश थी. पूर्व में एनआइए ने रविंद्र गंझू के चंदवा के हेसला मौजा के बांझीटोला स्थित आवास को सील किया था. जांच एजेंसी के अनुसार, रविंद्र ने उक्त घर लेवी के पैसे से बनाये थे.
रविंद्र गंझू की पत्नी ललिता देवी व अन्य परिजनों ने बताया कि पिछले करीब पांच-छह साल से वह संगठन से दूर थे. सोमवार की सुबह वह खेत जोतने की तैयारी में था. तभी घर के आगे व पीछे से चार गाड़ियों से दर्जनों लोगों ने घर को घेर लिया. यह देखकर वह भागने लगा. फिर उसे दौड़ा कर पकड़ा गया. पत्नी ने बताया कि कुछ लोग सिविल में थे. बाकी पुलिस की वर्दी में थे. चार गाड़ी से आये थे. उनके साथ एक बड़ा कुत्ता भी था. पकड़ने के बाद नये घर की तरफ से रविंद्र को ले जाया गया. रविंद्र की पत्नी ललिता देवी ने आरोप लगाया है कि उसकी गिरफ्तारी पुलिस ने की है. उसने पुलिस के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि पुलिस उसे न्यायालय में प्रस्तुत करे. न्यायिक तौर पर सभी करवाई की जाये. पत्नी ने कहा कि उसने पूर्व में अपने पति को सरेंडर करने के लिए कहा था, लेकिन उसने नहीं किया था.







