Newshaat_Logo

धनबाद में सनसनीखेज हत्याकांड: झाड़ियों में मिला बुजुर्ग का गला रेता शव, इलाके में दहशत

 
धनबाद में सनसनीखेज हत्याकांड: झाड़ियों में मिला बुजुर्ग का गला रेता शव, इलाके में दहशत
Jharkhand Crime News: झारखंड के धनबाद जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महुदा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों से एक बुजुर्ग का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक का गला रेता हुआ मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, महुदा स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल से कुलटांड़ बस्ती जाने वाले मार्ग के किनारे झाड़ियों में शनिवार को स्थानीय लोगों ने एक शव देखा। सूचना मिलते ही महुदा थाना प्रभारी पवन चंद्र पाठक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की।

मृतक की पहचान तारगा पंचायत के भुरुंगिया बस्ती निवासी 63 वर्षीय हलीम शेख के रूप में हुई है। वह महुदा बाजार की एक दुकान में काम करते थे। परिजनों के मुताबिक, हलीम शेख शनिवार दोपहर करीब 12 बजे घर से निकले थे, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उनका शव झाड़ियों में पड़ा मिला।

घटना की खबर मिलते ही बाघमारा डीएसपी अजित कुमार विमल भी मौके पर पहुंचे और जांच की निगरानी की। वहीं, हत्या की सूचना से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में महुदा थाना पहुंच गए और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया।

मृतक के दामाद मोहम्मद शेख ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। हलीम शेख अपने पीछे तीन पुत्र, दो पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो भी महुदा थाना पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग की।

बाघमारा डीएसपी अजित कुमार विमल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस मृतक के मोबाइल फोन, संपर्कों और अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।

फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और हत्यारों तक पहुंचने के लिए साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।