तेज आंधी और बारिश से राजनगर के कई गांव प्रभावित, बिजली व्यवस्था ठप, प्रशासन से मुआवजे की मांग
Seraikela-Kharsawan: जिले के राजनगर प्रखंड में तेज आंधी और बारिश ने कई गांवों में भारी नुकसान पहुंचाया. अचानक बदले मौसम के कारण कई घरों की छतें उड़ गईं, पेड़ और बिजली के खंभे गिर पड़े, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

जानकारी के अनुसार, आंधी के दौरान कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई. ग्रामीणों का कहना है कि तेज हवा के कारण फसलों को भी नुकसान पहुंचा है. कई कच्चे मकानों की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि टीन और एस्बेस्टस की छतें उड़कर दूर जा गिरीं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि प्रभावित परिवारों के सामने रहने और खाने की समस्या खड़ी हो गई है.
बीते सोमवार को आई तेज आंधी, तूफान और बारिश ने कई गांवों में भारी तबाही मचा दी. तेज हवा के कारण कई गरीब परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने रहने और दैनिक जीवन की समस्या पैदा हो गई है. अचानक आए तूफान से ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. कई जगहों पर घरों की छत उड़ गई, जबकि कुछ मकानों की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं.
जनहानि नहीं, लेकिन आर्थिक नुकसान
जानकारी के अनुसार, पोटका पंचायत अंतर्गत कमारबासा गांव निवासी करिया हेम्ब्रम का एस्बेस्टस घर तेज हवा की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं, आराहासा गांव में बीटी केराई के एस्बेस्टस घर को भी भारी नुकसान पहुंचा है. इसके अलावा शुरुकुनी पुर्ति, अनिता जारिका, कुनी जारिका और सुशील कुमार जारिका के टाली घरों की छत तेज हवा में उड़ गई. इसी तरह बीटा गांव में भी एक घर के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है. हालांकि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन गरीब परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है.
घटना की सूचना मिलते ही पोटका पंचायत की मुखिया रजनी जारिका प्रभावित गांवों कमारबासा और आराहासा पहुंचीं. उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया और ग्रामीणों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया. मुखिया ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता मिलनी चाहिए, जिससे कि वे फिर से अपने घरों की मरम्मत कर सामान्य जीवन जी सकें. उन्होंने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग की.
मुआवजा देने की मांग
वहीं दूसरी ओर झारखंड मुक्ति मोर्चा की टीम भी पीड़ित परिवारों के समर्थन में सामने आई. झामुमो बुद्धिजीवी मोर्चा के जिलाध्यक्ष दुर्गा लाल मुर्मू और भक्तु मार्डी ने अंचलाधिकारी श्रवण कुमार झा से मुलाकात की. उन्होंने प्रभावित गांव आराहासा और कमारबासा की स्थिति से अवगत कराते हुए पीड़ित परिवारों को जल्द राहत सामग्री और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की.







