रांची में मौसम का रौद्र-रूप: झमाझम बारिश के बीच वज्रपात, बिजली ठप- 10 मई तक अलर्ट जारी
बारिश के दौरान लगातार बिजली कड़कने के कारण सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे शहर के ग्रिड और फीडरों से बिजली आपूर्ति रोक दी गई। नतीजतन, रांची के कई इलाकों में घंटों तक अंधेरे जैसी स्थिति बनी रही। हालांकि बारिश थमने के बाद धीरे-धीरे बिजली बहाल की गई, लेकिन लोकल फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्या से लोगों को देर रात तक जूझना पड़ा। कई जगह ट्रांसफॉर्मर के फ्यूज उड़ने की शिकायतें भी सामने आईं।
मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी साफ दिखा। रांची का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।
भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र ने 5 से 10 मई तक पूरे झारखंड में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और वज्रपात की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है। फिलहाल, रांची समेत पूरे झारखंड में मौसम का यह बदला मिजाज राहत और चुनौती- दोनों साथ लेकर आया है।







