हजारीबाग में स्कूल के अंदर घटी शर्मनाक घटना, छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोपों से हड़कंप
Hazaribagh: जिले के चरही थाना अंतर्गत एक शिक्षक द्वारा छात्राओं के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. यहां एक सरकारी स्कूल के प्राचार्य पर छात्राओं के साथ छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगा है. पीड़ित छात्राओं ने इससे पहले चाइल्ड हेल्पलाइन पर शिकायत की थी. यह मामला अब बाल कल्याण समिति हजारीबाग तक पहुंच चुका है. इसके साथ ही कार्रवाई के लिए चरही थाने में आवेदन भी दिया गया है.
छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल
एक सरकारी स्कूल में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है. स्कूल के हेडमास्टर पर लगभग 12 से ज्यादा छात्राओं ने पढ़ाई के दौरान शारीरिक छेड़खानी का आरोप लगाया है. घटना 11 अप्रैल की बताई जा रही है, जब दो छात्राओं ने बाल संरक्षण आयोग के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही आयोग की टीम चरही पुलिस के साथ स्कूल पहुंची और मामले की प्रारंभिक जांच की. इसके बाद बुधवार को पीड़ित छात्राओं को बाल कल्याण समिति के पास बयान और गवाही के लिए हजारीबाग ले जाया गया. जांच के बाद आयोग ने चरही थाना को हेडमास्टर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है.
हेडमास्टर की कार्यशैली की जांच की मांग
मामले को लेकर संपूर्ण संकट मोचन संगठन की अध्यक्ष अमीषा प्रसाद ने लिखित आवेदन थाने में दिया है. इस दौरान पंचायत समिति सदस्य आशा राय और शक्ति देवी भी मौजूद रही. आवेदन में हेडमास्टर की कार्यशैली की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना के सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में गहरी चिंता देखी जा रही है तथा स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्त निगरानी की मांग तेज हो गई है.
बाल कल्याण समिति में कार्यरत विनीत जैन ने बताया कि स्वयंसेवी संगठन के द्वारा आवेदन दिया गया है. वहीं, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 में दो छात्राओं ने शिकायत की थी. छात्राओं ने जानकारी दी है कि उनके साथ छेड़खानी की गई है और उनके शरीर को स्पर्श भी किया गया है. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. थाने में एफआईआर दर्ज करने करने को कहा गया है.
स्वयंसेवी संगठन की अध्यक्ष अमीषा प्रसाद ने बताया कि उनके द्वारा शिकायत दर्ज की गई है. विद्यालय में जाकर जांच भी किया गया. जहां एक नहीं 24 से अधिक छात्राओं ने छेड़खानी की बात कही है. छात्रों ने भी बताया कि शिक्षक ने यह भी धमकी दी थी कि यदि अपने परिवार वालों को जानकारी दी, तो इसका परिणाम बुरा होगा. उन्होंने मांग की है कि शिक्षक को नौकरी से हटाया जाए और इस पर सख्त कार्रवाई की जाए.
आवेदन थाने को दिया गया है. इस मामले में तफ्तीश की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य आएगा, उसी अनुसार कार्रवाई की जाएगी: कुंदनकांत विमल, थाना प्रभारी, चरही







