Newshaat_Logo

रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात, मामूली झगड़े ने छीनी मां की जान, बेटे की बर्बरता से दहला इलाका...

Pakur: मृतका की पहचान 52 वर्षीय धूनी हेम्बम के रूप में हुई है. उनकी मौत उनके ही पुत्र चरण हेम्ब्रम के हाथों हुई. पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच आपसी विवाद बढ़ गया था, जो इतना उग्र हो गया कि चरण ने आक्रोश में आकर मां के सिर पर पत्थर से प्रहार कर दिया.
 
JHARKHAND

Pakur: सदर प्रखंड अंतर्गत सोनाजोड़ी गांव के सोसो टोला में गुरुवार को पारिवारिक विवाद के दौरान बेटे ने अपनी मां की क्रूर हत्या कर दी. आरोपी ने गुस्से में आकर मां के सिर पर पत्थर से वार किया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

मृतका की पहचान 52 वर्षीय धूनी हेम्बम के रूप में हुई है. उनकी मौत उनके ही पुत्र चरण हेम्ब्रम के हाथों हुई. पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच आपसी विवाद बढ़ गया था, जो इतना उग्र हो गया कि चरण ने आक्रोश में आकर मां के सिर पर पत्थर से प्रहार कर दिया.

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दयानंद आजाद ने घटना की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि चरण हेम्ब्रम के खिलाफ उसके रिश्तेदार चांद हेम्ब्रम ने थाने में लिखित शिकायत दी थी.

इस शिकायत के आधार पर नगर थाने में कांड संख्या 85/26 दर्ज की गई है. आरोपी चरण हेम्ब्रम पर बीएनएस की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने सोसो टोला से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

विवाद का कारण

एसडीपीओ दयानंद आजाद ने बताया कि चरण और उसकी मां धूनी हेम्बम के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था, इसकी विस्तृत जांच पुलिस कर रही है. अभी तक विवाद का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. छापेमारी दल में नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार, सुबल कुमार शामिल थे. एसडीपीओ ने सभी पुलिस कर्मियों की सराहना की और कहा कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है.