जामताड़ा में दिनदहाड़े गोलीकांड: चाय दुकान पर युवक की ताबड़तोड़ फायरिंग से हत्या, तीन नकाबपोश फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे फुरकान अंसारी चाय दुकान पर पहुंचा ही था कि दो बाइकों पर सवार हमलावर वहां पहुंचे और बिना कुछ कहे फायरिंग शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से फरार हो गए।
रेकी की आशंका, पुराने विवाद की जांच
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान तक पहुंचने के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। पुलिस इस रेकी एंगल की भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ महीने पहले मोहड़ा गांव के एक युवक से मृतक का विवाद हुआ था, जिसे लेकर पंचायत भी बैठी थी और उस पर जुर्माना लगाया गया था।
पुलिस पुराने विवाद और मृतक के आपराधिक रिकॉर्ड दोनों पहलुओं को खंगाल रही है। घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए गए हैं। मौके पर पहुंचे एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी ने जांच तेज करने का निर्देश दिया है।
परिवार में मातम, गिरफ्तारी की मांग
घटना के बाद मृतक के पिता नूर मोहम्मद और भाई समशूल अंसारी ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर अपराधियों की पहचान की कोशिश जारी है। जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।







