खूंटी में रात के सन्नाटे में चली गोलियां, तोरपा में गैस एजेंसी संचालक के घर पर हमला..इलाके में फैली दहशत...
Khunti: खूंटी जिला के तोरपा थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात अज्ञात अपराधियों द्वारा फायरिंग किए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना हिल चौक स्थित नगर भवन के समीप की है, जहां बदमाशों ने गैस एजेंसी संचालक नरेंद्र साव के घर के बाहर खड़ी कार को निशाना बनाया. मंगलवार की सुबह कार में गोलियों के निशान देखकर गैस एजेंसी संचालक ने पुलिस को सूचना दी.
सोमवार रात करीब 11 बजे तीन लोग बाइक से मौके पर पहुंचे. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी और कुछ ही देर में कई राउंड गोलियां चलाकर वहां से फरार हो गए. फायरिंग का मुख्य निशाना घर के बाहर खड़ी कार थी, जिस पर गोली के निशान पाए गए हैं. घटना के वक्त आसपास के लोग अपने घरों में थे.
सूचना मिलने पर तोरपा थाना की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. जांच के दौरान पुलिस को मौके से चार खोखा मिले हैं. इसके आधार पर माना जा रहा है कि एक से अधिक राउंड फायरिंग की गई है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. प्रारंभिक जांच में बाइक सवार तीन अज्ञात लोगों की संलिप्तता की बात सामने आ रही है.

तोरपा थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. उन्होंने बताया कि घटनास्थल से चार खोखा बरामद हुए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.
फिलहाल घटना के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फायरिंग किसी पुरानी रंजिश या अन्य वजह से तो नहीं की गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है.







