श्रावणी मेला 2026: श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़ की साजिश नाकाम, देवघर में 10 टन एक्सपायर्ड आटा, 800 किलो बेसन और खराब खाद्य सामग्री जब्त
Deoghar: देवघर में चल रहे श्रावणी मेला 2026 के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़ की कोशिश को नाकाम कर दिया. संयुक्त जांच अभियान में करीब 10 टन एक्सपायर्ड आटा, 800 किलो बेसन और बड़ी मात्रा में खराब एवं एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री जब्त की गई. जांच के दौरान कई दुकानों और गोदामों में एक्सपायरी डेट पार कर चुके खाद्य पदार्थों का भंडारण और उपयोग पाया गया. संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया है और उनके खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
![]()
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रावणी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को केवल सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. खाद्य सुरक्षा विभाग ने होटल, ढाबा और प्रसाद विक्रेताओं को चेतावनी दी है कि एक्सपायर्ड या मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी
जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि एक निजी प्रतिष्ठान से करीब 10 टन आटा, 800 किलो बेसन तथा बड़ी मात्रा में फॉर्च्यून ब्रांड का एक्सपायर्ड खाद्य तेल बरामद किया गया है. सभी खाद्य सामग्री को जब्त कर सुरक्षित रख लिया गया है. उन्होंने बताया कि आशंका है कि इन एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों की खपत श्रावणी मेला के दौरान की जानी थी. हालांकि विभाग की लगातार कार्रवाई के कारण समय रहते पूरे मामले का खुलासा हो गया.
पदाधिकारी ने कहा कि संबंधित प्रतिष्ठान के संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की सुसंगत धाराओं के तहत नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. वहीं देवघर स्थित देसी जायका भोजनालय के निरीक्षण के दौरान किचन की स्थिति बेहद गंदगीपूर्ण पाई गई. विभाग ने संचालक को नोटिस जारी करते हुए तत्काल साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
श्रावणी मेला 2026 की शुरुआत के साथ इतनी बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री की बरामदगी यह संकेत देती है कि कुछ लोग श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़ कर मुनाफाखोरी की कोशिश में थे. हालांकि जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त निगरानी से बड़ी मात्रा में खराब खाद्य सामग्री बाजार तक पहुंचने से पहले ही पकड़ ली गई.







