झारखंड के छह IPS अधिकारियों को केंद्र में IG रैंक की मंजूरी, गृह विभाग की अधिसूचना जारी
Ranchi: झारखंड कैडर के छह भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों को केंद्र सरकार में इंस्पेक्टर जनरल (IG) रैंक के लिए इंपैनल किया गया है. इस संबंध में गृह विभाग की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है. इंपैनलमेंट के बाद इन अधिकारियों के लिए केंद्र में IG स्तर के महत्वपूर्ण पदों पर तैनाती का रास्ता साफ हो गया है.

सूत्रों के मुताबिक, यह इंपैनलमेंट केंद्र सरकार की नियुक्ति समिति द्वारा तय मानकों और सेवा रिकॉर्ड के आधार पर किया गया है. इसमें अधिकारियों की वरिष्ठता, कार्य अनुभव, वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (ACR/APAR) और सतर्कता से जुड़ी स्थिति को ध्यान में रखा गया.
IG रैंक में इंपैनल होना IPS अधिकारियों के करियर में एक अहम पड़ाव माना जाता है. इसके बाद संबंधित अधिकारियों को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs), केंद्रीय एजेंसियों और गृह मंत्रालय के अधीन विभिन्न संगठनों में IG स्तर के पदों पर तैनाती मिल सकती है.
गृह विभाग की अधिसूचना जारी होते ही राज्य के प्रशासनिक और पुलिस महकमे में इसे झारखंड के लिए उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है. इससे न केवल राज्य कैडर की साख मजबूत होती है, बल्कि भविष्य में केंद्र में झारखंड कैडर के अधिकारियों की भागीदारी भी बढ़ने की उम्मीद है.
झारखंड के छह आईपीएस
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने झारखंड कैडर के छह आईपीएस अधिकारियों को सेंट्रल इंपैनलिंग बोर्ड के माध्यम से भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के आईजी (इंस्पेक्टर जनरल) रैंक में केंद्र में इंपैनल किया है. यह नियुक्ति भारत सरकार की कैबिनेट की नियुक्ति समिति (Appointments Committee of the Cabinet-ACC) की मंजूरी के बाद की गई है. इंपैनल आईपीएस अब केंद्र सरकार की विभिन्न केंद्रीय संस्थाओं और विभागों में आईजी स्तर की जिम्मेदारी निभाएंगे.
कौन-कौन से आईपीएस इंपैनल हुए
- अखिलेश कुमार झा-2003 बैच-झारखंड कैडर.
- पटेल मयूर कन्हैया लाल-2007 बैच-झारखंड कैडर.
- राकेश बंसल-2007 बैच-झारखंड कैडर.
- अनीश गुप्ता-2008 बैच-झारखंड कैडर.
- एम. तमिलवाणन-2008 बैच-झारखंड कैडर.
- अजय लिंडा-2008 बैच-झारखंड कैडर.
अनीश गुप्ता सेंट्रल डेप्यूटेशन पर सीबीआई में हैं
झारखंड के जिन छह आईपीएस अधिकारियों को केंद्र में आईजी रैंक में इंपैनल किया गया है उनमें अनीश गुप्ता फिलहाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सीबीआई में कार्यरत हैं. अनीश गुप्ता झारखंड में रहते हुए रांची एसएसपी सहित कई जिलों के एसपी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. वहीं राकेश बंसल हाल में ही केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस झारखंड लौटे हैं. इसके अलावा अखिलेश कुमार झा, पटेल मयूर कन्हैयालाल, एम तमिलवाणन और अजय लिंडा झारखंड में ही विभिन्न पदों पर तैनात हैं.







