आज से शुरू झारखंड विधानसभा का बजट सत्र, विधानसभा अध्यक्ष ने सदन को संबोधित करते हुए कहा- सत्र केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि झारखंड के भविष्य की दिशा तय करने वाला मंच
Jharkhand Vidhan Sabha Budget Session 2026: इस दौरान कुल 17 कार्यदिवस निर्धारित किए गए हैं. इन कार्यदिवसों में बजट सहित राज्य की नीतियों, योजनाओं, वित्तीय प्राथमिकताओं और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा.
Updated: Feb 18, 2026, 13:36 IST
Jharkhand Vidhan Sabha Budget 2026: झारखंड विधानसभा का बजट सत्र आज से औपचारिक रूप से शुरू हो गया है. सत्र के पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष ने सदन को संबोधित करते हुए इसे राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया.
उन्होंने कहा कि यह सत्र केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं है, बल्कि झारखंड के भविष्य की दिशा तय करने वाला मंच है. अध्यक्ष ने बताया कि यह झारखंड विधानसभा का पंचम (बजट) सत्र है, जो 18 फरवरी 2026 से 19 मार्च 2026 तक चलेगा.
इस दौरान कुल 17 कार्यदिवस निर्धारित किए गए हैं. इन कार्यदिवसों में बजट सहित राज्य की नीतियों, योजनाओं, वित्तीय प्राथमिकताओं और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा.
उन्होंने सदन को अवगत कराया कि सत्र के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 का तृतीय अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे चल रही योजनाओं और आवश्यक व्ययों की पूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी.
साथ ही, 24 फरवरी 2026 को वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट सदन के पटल पर रखा जाएगा. यह बजट राज्य की भावी विकास दिशा, प्राथमिकताओं और संसाधनों के न्यायसंगत वितरण का आधार बनेगा.
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी माननीय सदस्यों से आग्रह किया कि वे अनुदान मांगों पर चर्चा, कटौती प्रस्तावों के माध्यम से समीक्षा तथा नीतिगत सुझावों में सक्रिय भूमिका निभाएं.
उन्होंने उम्मीद जताई कि सदन की बहस तथ्यपरक, तर्कसंगत और जनोन्मुखी होगी. अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र की शक्ति सार्थक संवाद में निहित है.
आलोचना और विमर्श लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं, लेकिन सदन की कार्यवाही गरिमा और अनुशासन के साथ संचालित होनी चाहिए. उन्होंने सभी सदस्यों से सकारात्मक सहयोग की अपील करते हुए सफल और सार्थक सत्र की कामना की.







