सिसकती सांसें, बहते आंसू उस माँ का क्या जिसने अपने कलेजे के टुकड़े को हमेशा के लिए खो दिया
Jharkhand Desk: झारखंड के गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के हाडोडीह गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय त्रिदेव कुमार वर्मा की मौत हो गई. त्रिदेव एक होनहार छात्र था और सिहोडीह में किराए पर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था.

हादसा उस समय हुआ जब त्रिदेव सुबह बैंक ऑफ इंडिया के ऊपर स्थित लाइब्रेरी पढ़ने जा रहा था. एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल त्रिदेव को स्थानीय लोगों ने तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. त्रिदेव गिरिडीह में किराए के एक छोटे कमरे में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था. बताया गया कि वह पहले ही रेलवे LP परीक्षा PO पास कर चुका था और अब मेंस की तैयारी में जुटा था. परिवार में त्रिदेव एक अकेला संतान था. उसकी असामयिक मौत से परिजनों और दोस्तों में गहरा आक्रोश फैल गया.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय छात्र और परिजन बरगंडा मुख्य मार्ग पर उतर आए और देवघर जाने वाली सड़क को जाम कर दिया. लोग मुआवजे और ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे. जाम के कारण घंटों यातायात बाधित रहा. बाद में मौके पर पहुंचे सीओ ने आंदोलनकारियों को आश्वासन दिया कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा और जल्द ही ट्रक चालक को गिरफ्तार किया जाएगा. आश्वासन के बाद जाम हटाया गया. इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है. प्रतियोगी छात्र त्रिदेव की मौत को लेकर छात्रों और आमजनों ने भी गहरी संवेदना व्यक्त की है.







