शांति व्यवस्था पर खास नजर: रांची में ईद और सरहुल को लेकर पुलिस अलर्ट...
Ranchi: 21 मार्च को दो महत्वपूर्ण पर्व एक साथ मनाए जाएंगे. सरहुल और ईद 21 मार्च को है. इसे देखते हुए राजधानी रांची में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. राजधानी रांची में सुरक्षा के लिए 5000 फोर्स की तैनाती की गई है. वहीं कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से पूरे शहर पर निगरानी रखने की व्यवस्था भी की गई है.
21 मार्च यानी शनिवार को मुस्लिम धर्मावलंबी शांति और भाईचारे का पर्व ईद मनाएंगे. शनिवार की सुबह रांची के विभिन्न मस्जिदों में ईद की नमाज अता की जाएगी. 21 मार्च को ही झारखंड के बड़े पर्व में शामिल सरहुल भी मनाया जाएगा. शनिवार की दोपहर रांची के विभिन्न इलाकों से सरहुल की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी. जिसमें लाखों की संख्या में लोग भाग लेंगे. ऐसे में राजधानी रांची की सुरक्षा व्यवस्था को बेहद पुख्ता की गई है.
इस संबंध में रांची के सीनियर एसपी राकेश रंजन ने बताया कि राजधानी रांची में पुलिस मुख्यालय के द्वारा अतिरिक्त बल उपलब्ध करवाया गया है. राजधानी रांची में लगभग 5000 बल तैनात किए गए हैं. जिसमें जिला पुलिस के साथ-साथ आईआरबी, जैप, होमगार्ड्स और केंद्रीय बल भी शामिल हैं. रांची के सभी संवेदनशील स्थान पर फोर्स की तैनाती की गई है. इसके अलावा सभी थाना प्रभारी को यह निर्देश दिया गया है कि वह अपने-अपने क्षेत्र में नियमित रूप से गश्त करते रहें.
सरहुल की शोभायात्रा दोपहर के समय निकाली जाती है और देर रात तक शोभायात्रा में शामिल लोग अपने-अपने घर लौटते हैं. ऐसे में सभी डीएसपी और थाना प्रभारी को निर्देश दिया गया है कि वह जब तक शोभायात्रा समाप्त नहीं हो जाती है, तब तक अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहें. साथ ही गश्ती दल को भी क्षेत्र में भ्रमण करवाते रहें और माइकिंग की व्यवस्था रखें, क्योंकि शनिवार को ईद भी है और ईद के मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोग एक-दूसरे के घरों में जाकर ईद की बधाइयां देते हैं. ऐसे में सभी संवेदनशील स्थानों पर गश्त करने की हिदायत एसपी ने दी है.

राजधानी रांची में सरहुल की शोभायात्रा रांची के अल्बर्ट एक्का चौक से होते हुए ही निकलती है. ऐसे में सबसे ज्यादा भीड़ अल्बर्ट एक्का चौक पर ही होती है. ऐसे में अल्बर्ट एक्का चौक में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. यहां पर पुलिस ड्रोन का भी इस्तेमाल करेगी. इसके अलावा शहर में लगभग एक दर्जन ड्रोन और 500 सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था भी की गई है. कचहरी स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है, जो पूरी शोभायात्रा के दौरान सीसीटीवी कैमरे से भीड़ पर नजर रखेंगे.







