Newshaat_Logo

झारखंड में आज से विधानसभा का विशेष सत्र, SIR और खनिज कानून पर केंद्र के खिलाफ प्रस्ताव लाएगी हेमंत सरकार

दो दिवसीय सत्र के दौरान पारित दोनों संकल्प केंद्र सरकार को भेजे जाएंगे. सरकार का जोर इस बात पर रहेगा कि खनिज संपदा से होने वाली आय पर राज्यों का अधिकार सुरक्षित रहे और खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रहें.
 
JHARKHAND

Jharkhand Assembly Special Session: झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र आज यानी 25 नवंबर से शुरू हो रहा है। इस सत्र में हेमंत सोरेन सरकार केंद्र सरकार की एसआईआर (SIR) प्रक्रिया और एमएमडीआर संशोधन अधिनियम, 2026 के खिलाफ विधानसभा में संकल्प पारित करेगी। पहले दिन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर चर्चा होगी, जबकि दूसरे दिन खनिज कानून में संशोधन के विरोध में प्रस्ताव पेश किया जाएगा।

Special session of Jharkhand Legislative Assembly convened | Akashvani News

खनिज कानून पर केंद्र से पुनर्विचार की मांग

राज्य सरकार की सबसे बड़ी आपत्ति एमएमडीआर संशोधन अधिनियम की धारा 9डी को लेकर है। सरकार का कहना है कि इस प्रावधान से खनिज अधिकारों और खनिज संपदा वाली जमीन पर टैक्स, सेस और अन्य शुल्क लगाने की राज्य की शक्तियां सीमित हो सकती हैं। इससे झारखंड जैसे खनिज संपदा वाले राज्यों की आर्थिक स्थिति प्रभावित होने की आशंका है।

सरकार संकल्प के माध्यम से केंद्र से इस कानून पर दोबारा विचार करने और खनिज उत्पादक राज्यों के वित्तीय एवं विधायी अधिकारों की रक्षा करने की मांग करेगी।

तीन साल में 16,492 करोड़ रुपये का सेस संग्रह

झारखंड सरकार के लिए खनिज उपकर राजस्व का बड़ा स्रोत बन चुका है। आंकड़ों के मुताबिक, जेएमबीएल सेस से पिछले तीन वित्तीय वर्षों में अब तक 16,492 करोड़ रुपये से अधिक का संग्रह हुआ है।

  • 2024-25 में 1,373.66 करोड़ रुपये।

  • 2025-26 में 7,489.73 करोड़ रुपये।

  • 2026-27 में 19 नवंबर तक 7,628.75 करोड़ रुपये।

चालू वित्तीय वर्ष में सरकार ने इस मद से 13,215 करोड़ रुपये राजस्व मिलने का अनुमान लगाया है।

कोयले से सबसे ज्यादा कमाई

खनिज उपकर संग्रह में कोयले की हिस्सेदारी सबसे अधिक है। चालू वित्तीय वर्ष में 19 नवंबर तक कोयले से 6,544.90 करोड़ रुपये, लौह अयस्क से 914.25 करोड़ रुपये और बॉक्साइट से 153.48 करोड़ रुपये का उपकर मिला है। इसके अलावा तांबा और यूरेनियम से भी राजस्व प्राप्त हुआ है।

मंईयां सम्मान योजना पर भी पड़ सकता है असर

राज्य सरकार का तर्क है कि खनिज उपकर से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, पेयजल, कृषि, सामाजिक सुरक्षा और आधारभूत संरचना पर किया जाता है।

संकल्प प्रस्ताव में मंईयां सम्मान योजना का भी जिक्र किया गया है। सरकार के मुताबिक, इस योजना के तहत 50 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये दिए जा रहे हैं। इसके लिए सालाना लगभग 15 हजार करोड़ रुपये की जरूरत होती है। ऐसे में खनिज राजस्व में कमी आने से जनकल्याणकारी योजनाओं की निरंतरता प्रभावित हो सकती है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भी दिया जाएगा हवाला

राज्य सरकार 25 जुलाई 2024 को सुप्रीम कोर्ट की नौ सदस्यीय संविधान पीठ के फैसले का हवाला देते हुए राज्यों के खनिज अधिकारों के संरक्षण की मांग करेगी। सरकार चाहती है कि खनिज उत्पादक राज्यों से पर्याप्त परामर्श किए बिना उनके अधिकारों को प्रभावित करने वाले कानूनों में बदलाव नहीं किया जाए।

केंद्र को भेजा जाएगा विधानसभा का संकल्प

दो दिवसीय सत्र के दौरान पारित दोनों संकल्प केंद्र सरकार को भेजे जाएंगे। सरकार का जोर इस बात पर रहेगा कि खनिज संपदा से होने वाली आय पर राज्यों का अधिकार सुरक्षित रहे और खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रहें।