STEMI Program Launch: Jharkhand में हार्ट अटैक पर बड़ा प्लान! 100 करोड़ से गांवों तक पहुंचेगा इलाज
झारखंड में हार्ट अटैक के मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए सरकार 100 करोड़ रुपये की योजना पर काम कर रही है. इसके तहत हब एंड स्पोक मॉडल से कार्डियोलॉजी सेवाओं का विस्तार ग्रामीण इलाकों तक किया जाएगा. शनिवार को STEMI प्रोग्राम भी लॉन्च किया गया. स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज और कैथलैब वाले अस्पताल हब बनेंगे, जबकि जिला अस्पताल स्पोक के रूप में काम करेंगे.
Ranchi: झारखंड में अब हार्ट अटैक के मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों और अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राज्य सरकार हृदय रोग से जुड़ी चिकित्सा सेवाओं को ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए करीब 100 करोड़ रुपये के बजट से कार्डियोलॉजी सेवाओं का विस्तार हब एंड स्पोक मॉडल पर किया जाएगा। शनिवार शाम आयोजित एक कॉन्फ्रेंस में STEMI प्रोग्राम भी लॉन्च किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। रिम्स के कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. हेमंत नारायण को कार्यक्रम का नोडल ऑफिसर बनाया गया है।

क्या है हब एंड स्पोक मॉडल, कैसे मिलेगा मरीजों को फायदा?

इस योजना के तहत राज्य के मेडिकल कॉलेजों और कैथलैब व एंजियोग्राफी की सुविधा वाले अस्पतालों को हब के रूप में विकसित किया जाएगा। वहीं, जिला अस्पताल और परिधीय स्वास्थ्य केंद्र स्पोक के तौर पर काम करेंगे।
इस व्यवस्था में छोटे अस्पतालों को बड़े चिकित्सा संस्थानों से जोड़ा जाएगा। जरूरत पड़ने पर ग्रामीण और जिला अस्पतालों के डॉक्टर सीधे विशेषज्ञ चिकित्सकों से संपर्क कर सकेंगे। इससे हार्ट अटैक के मरीजों को शुरुआती स्तर पर ही जरूरी दवाएं और उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

झारखंड में डॉक्टरों की कमी बड़ी चुनौती: अजय कुमार सिंह
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि तमिलनाडु जैसे राज्यों में STEMI हार्ट अटैक के मरीजों को तत्काल इलाज देने के लिए हब एंड स्पोक मॉडल सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। झारखंड में भी इसी तरह की व्यवस्था विकसित करने की तैयारी है।
उन्होंने राज्य में डॉक्टरों की कमी को बड़ी चुनौती बताया। उनके अनुसार, करीब चार करोड़ की आबादी वाले झारखंड में लगभग 13 हजार डॉक्टर उपलब्ध हैं। डॉक्टरों की कमी के साथ-साथ उनकी तैनाती भी समस्या है। कई चिकित्सक ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में काम करने के बजाय रांची और धनबाद जैसे बड़े शहरों में रहना पसंद करते हैं। विशेषज्ञ और सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की कमी भी स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित करती है।
रिम्स के अलावा दूसरे शहरों में भी शुरू होगी कार्डियोलॉजी सेवा
फिलहाल रिम्स में कार्डियोलॉजी विभाग उपलब्ध है, लेकिन आने वाले समय में राज्य के अन्य स्थानों पर भी कार्डियोलॉजी विभाग शुरू करने की योजना है। अपर मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि इस योजना में फंड की कमी आड़े नहीं आएगी। जरूरत के अनुसार बजट उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि तमिलनाडु के विशेषज्ञ चिकित्सकों को झारखंड बुलाने और यहां के डॉक्टरों को प्रशिक्षित करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र और गोवा में संचालित हब एंड स्पोक मॉडल के अनुभवों का लाभ झारखंड को मिलेगा।
STEMI हार्ट अटैक में शुरुआती दो घंटे बेहद अहम
रिम्स के कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष और कार्यक्रम के नोडल ऑफिसर डॉ. हेमंत नारायण ने बताया कि हार्ट अटैक के मरीजों के लिए समय पर इलाज बेहद जरूरी है। खासकर STEMI हार्ट अटैक में शुरुआती दो घंटे काफी महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान उचित उपचार नहीं मिलने पर मरीज की जान को खतरा हो सकता है।
ग्रामीण इलाकों में विशेषज्ञ डॉक्टरों और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण मरीजों को बड़े अस्पतालों तक पहुंचने में काफी समय लग जाता है। नई व्यवस्था के तहत स्थानीय अस्पतालों के डॉक्टर विशेषज्ञों से सीधे संपर्क कर सकेंगे और मरीज को जल्द जरूरी उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
टेली आईसीयू और AI से भी मजबूत होंगी स्वास्थ्य सेवाएं
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए पहले से टेली आईसीयू, टेली रेडियोलॉजी और एसएनसीयू जैसी सुविधाएं संचालित की जा रही हैं। इनके अच्छे परिणाम मिले हैं। आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से भी चिकित्सा सेवाओं को और बेहतर बनाने की योजना है।
सरकार का लक्ष्य: हब एंड स्पोक मॉडल के जरिए झारखंड के ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले हृदय रोगियों को समय पर जीवनरक्षक उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि हार्ट अटैक की स्थिति में मरीज को इलाज के लिए बड़े शहरों तक पहुंचने का इंतजार न करना पड़े।







